छोड़कर सामग्री पर जाएँ

मुक्त सीटों से भी महिलाओं को मौका, बदल रहा ट्रेंड

IMG 20250203 WA0023
  • कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों ने पुरुष चेहरों के बजाय महिलाओं पर जताया भरोसा

रायगढ़, 2 फरवरी। नगर निगम रायगढ़ के 48 वार्डों को अपनी झोली में डालने के लिए भाजपा-कांग्रेस दोनों ने प्रत्याशी चयन में कुछ नया ट्रेंड दिखाया है। आरक्षण में मुक्त घोषित वार्डों में आसानी से पुरुष चेहरों पर दांव लगाया जा सकता था। लेकिन दोनों दलों ने कुछ वार्डों में महिलाओं को मौका दिया है। राजनीति में महिलाओं को अब शायद पुरुषों की छाया से बाहर निकलने का समय आ गया है। निगम चुनावों में कोई महिला पार्षद जीत भी जाए तो वह फ्रंट में नजर नहीं आती। केवल नाम के लिए वह पार्षद होती है, जबकि सारे निर्णय उनके पति, पिता, बेटा ही करते रहे हैं। अपवाद स्वरूप दो-तीन नाम गिनाए जा सकते हैं, लेकिन सामान्यत: पुरुषों की छाया से बाहर निकलना अब भी संभव नहीं हो सका है। इस बार दोनों पार्टियों ने कुछ नई अवधारणा को रास्ता दिखाया है। कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां अजा मुक्त, अजजा मुक्त, सामान्य मुक्त या अपिव मुक्त के लिए आरक्षण था। इनमें आसानी से पुरुष चेहरों को मौका दिया जा सकता था लेकिन महिलाओं को ही मौका दिया गया।

भाजपा ने वार्ड 5 (अजजा मुक्त) से सुमित्रा खोलू सारथी, वार्ड 7 (अनारक्षित मुक्त) से रोहिणी पटनायक, वार्ड 11 (अजा मुक्त) से अन्नू सारथी और वार्ड 24 (अनारक्षित मुक्त) से त्रिवेणी डहरे को अवसर दिया है। इन चारों वार्डों में महिलाओं के सामने कांग्रेस के पुरुष प्रत्याशी हैं। भाजपा ने 48 में 20 वार्डों में महिलाओं को टिकट दिए हैं। वहीं कांग्रेस ने वार्ड 9 (अनारक्षित मुक्त) से रंजना पटेल, वार्ड 19 (अनारक्षित मुक्त) से शालू अग्रवाल, वार्ड 36 (अजा मुक्त) से पूनम जांगड़े, वार्ड 38 (अजा मुक्त) से फूलकुंवारी भट्ट और वार्ड 42 (अपिव मुक्त) से आरती राम यादव को मौका दिया है। इन पांचों वार्ड में भाजपा से पुरुष प्रत्याशी हैं। कांग्रेस ने 22 महिलाओं को टिकट दिए हैं।

केलो नदी के दूसरी ओर का तिलिस्म
इस बार भाजपा ने वार्ड 26 व 27 में प्रत्याशियों की अदला-बदली की है। पंजरी प्लांट वार्ड 28 में भी दूसरे वार्ड का प्रत्याशी लड़ रहा है। वार्ड 23 को लेकर माहौल पहले से गर्म है। कांग्रेस के सामने इन चारों वार्डों में एडवांटेज है। वार्ड 27 में पिछली बार पार्षद रही सरिता राजेंद्र ठाकुर को आसानी से वार्ड 26 मिल गया। ठीक इसी तरह वार्ड 26 से हार चुके आशीष ताम्रकार को वार्ड 27 मिल गया। दोनों के लिए वार्ड थोड़ा नया, थोड़ा पुराना है। पिछली बार कांग्रेस की बागी प्रत्याशी होने के कारण सरिता ठाकुर को आसान जीत मिली थी। इस बार कांग्रेस से वार्ड 26 से पिंकी विमल यादव और 27 से अशोक सोनी पासा पलटने की ताकत रखते हैं। वार्ड  नंबर 23 में हुए घटनाक्रम को लेकर भाजपा निशाने पर है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: