छोड़कर सामग्री पर जाएँ

घरघोड़ा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन भाई गिरफ्तार; बुलेट और स्कूटी समेत चार गाड़ियां बरामद

IMG 20261005 WA0017

रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बुलेट, एक स्कूटी और दो अन्य बाइकों समेत कुल चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। पकड़े गए आरोपी चोरी की स्कूटी पर सवार होकर क्षेत्र में एक और वाहन चोरी करने के इरादे से रेकी कर रहे थे, तभी पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़े गए।

चेकिंग के दौरान चोरी की स्कूटी के साथ पकड़े गए संदेही

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक 10 निवासी सुनील शर्मा ने अपनी टीवीएस जुपिटर स्कूटी (क्रमांक CG-13-AV-9139) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी स्कूटी 18 सितंबर की दोपहर घर के बाहर से चोरी हुई थी। इस रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही थी। इसी बीच 3 अक्टूबर 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने चोरी गई उसी स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को रोका। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मिलन दास महंत, हरिशंकर महंत और कन्हैया दास महंत बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वाहन चोरी की बात स्वीकार कर ली।

मैकेनिक और ड्राइवर ने मिलकर बनाई थी चोरी की योजना

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मिलन दास महंत (30 वर्ष) और हरिशंकर महंत (24 वर्ष) सगे भाई हैं और छाल थाना क्षेत्र के ग्राम पुसल्दा के रहने वाले हैं। तीसरा आरोपी कन्हैया दास महंत (37 वर्ष) सक्ती जिले के डभरा का निवासी है, जो रिश्ते में उनका फुफेरा भाई है। हरिशंकर मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है और कन्हैया पेशे से ड्राइवर है। वाहनों के कल-पुर्जों की तकनीकी समझ होने के कारण तीनों ने मिलकर दोपहिया वाहन चुराकर बेचने और रुपये कमाने की योजना बनाई थी।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मई 2026 में बरभौना चौक (छाल) से एक एनएक्सजी मोटरसाइकिल, करीब तीन महीने पहले नवापारा चौक (घरघोड़ा) से चाबी लगी बुलेट और करीब दो महीने पहले बोजिया (छाल) स्थित मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस चुराई थी। 18 सितंबर को उन्होंने घरघोड़ा से जुपिटर स्कूटी उड़ाई थी। जब पुलिस ने बरामद बुलेट को सशक्त ऐप के जरिए चेक किया, तो पता चला कि उसके संबंध में दुर्ग जिले के सुपेला थाने में चोरी का अपराध पहले से दर्ज है।

आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार चोरी के दोपहिया वाहन जब्त कर तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: