रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतरापाली में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। 04 अप्रैल की देर रात करीब 1 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए एक घर को निशाना बनाया। उस समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, तभी चोरों ने दरवाजे की अंदर लगी कुंडी को किसी औजार से निकालकर घर में प्रवेश किया और बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित बंशीधर चौहान के अनुसार, चोर घर से सोने-चांदी के कीमती जेवरात, एक मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक (CG-13 BE 2236) चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में सोने का झुमका, नथनी, चांदी की पायल समेत अन्य वस्तुएं शामिल हैं। सुबह जब परिवार की नींद खुली, तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और बाइक भी गायब थी, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। । पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पतासाजी कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।























