- सड़क, सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं पर उठाए सवाल, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
खरसिया। नगर की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) ने सोमवार को पैदल मार्च निकालकर नगर पालिका के खिलाफ आवाज उठाई। कांग्रेस ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर सड़क, सफाई, बिजली और पेयजल की समस्याओं के समाधान की मांग की। पार्टी ने नगर पालिका पर पिछले डेढ़ वर्ष से सुविधाएं उपलब्ध कराने में असमर्थ रहने और भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है।पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शहीद स्मारक स्थल के सामने स्थित रेस्ट हाउस परिसर से शांतिपूर्वक पैदल चलते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचे।
वहां प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मार्च में विभिन्न वार्डों के लोग भी शामिल थे। कांग्रेस ने बताया कि इन्हीं समस्याओं को लेकर 3 जून 2026 को भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा है कि रेलवे स्टेशन से गांधी चौक तक की मुख्य सड़क टूटी हुई है और अग्रसेन भवन के आगे गड्ढे हो गए हैं। गांधी चौक से राठौर चौक होकर हेमू कल्याणी चौक तक तथा पोस्ट ऑफिस से बस्ती चौक होकर सब्जी मार्केट तक की सड़कों का भी बुरा हाल बताया गया है।
वार्डों की भीतरी सड़कों को खराब और हमालपारा के वार्ड 4 व 5 की सड़कों को चलने लायक नहीं बताया गया है। सफाई को लेकर कांग्रेस का आरोप है कि वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर हैं, जिससे मच्छर और बीमारी फैलने का खतरा है। पुरानी बस्ती, ठाकुरदिया, हमालपारा और गंज पीछे में नियमित सफाई नहीं होने की बात कही गई है। कई वार्डों में खंभों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरा रहने की शिकायत भी की गई है। जिन वार्डों में भागीरथी कनेक्शन नहीं है, वहां नगर पालिका के बोर से पानी दिया जाता रहा है, लेकिन कांग्रेस का आरोप है कि बीते छह माह से खराब बोरों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
लगभग सभी वार्डों में बोरों की हालत खराब होने और शिकायतों पर सुनवाई नहीं होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है। कांग्रेस ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

पार्टी का आरोप है कि तालाबों और कुओं को सुखाया जा रहा है, तालाबों का आकार छोटा किया जा रहा है और एक ही तालाब की तीन-तीन बार सफाई के नाम पर राशि निकाली जा रही है। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि विकास के नाम पर स्वयं एवं कुछ व्यक्तियों का विकास हो रहा है, कार्य गुणवत्ताहीन हैं और 15 मिनट की बारिश में नालियां बह जाती हैं। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम के कार्यों को लेकर भी पार्टी ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी आम जनता के साथ मिलकर कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ और सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन करेगी। कांग्रेस ने कहा कि आंदोलन की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका की होगी।

























You must be logged in to post a comment.