छोड़कर सामग्री पर जाएँ

शिखा रविंद्र गबेल बनेंगी जिला पंचायत की नई अध्यक्ष!

  • दीपक सिदार को मिलेगा उपाध्यक्ष का पद, भाजपा की बैठक में रायशुमारी के बाद फैसला

रायगढ़। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक विजय हासिल करने के बाद अब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की ताजपोशी होनी है। इसके पूर्व रायशुमारी के लिए भाजपा नेता सियाराम साहू को पर्यवेक्षक बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक शिखा रविंद्र गबेल को अगला अध्यक्ष बनाया जा सकता है। उपाध्यक्ष के लिए दीपक सिदार के नाम पर सहमति बनी है। पंचायत चुनावों में भी भाजपा का विजयरथ नहीं रुका। 18 में से 16 सदस्य भाजपा के ही हैं। इसलिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का ही कब्जा रहेगा, यह तय है। सारे 18 क्षेत्रों से जीतकर आने वाले सदस्य पहली बार चुने गए हैं। भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए सही नाम का चुनाव करने के लिए सियाराम साहू को पर्यवेक्षक बनाया है।

सोमवार को जिला भाजपा की बैठक हुई, जिसमें इस बात पर चर्चा की गई। भाजपा के लिए किसी एक के नाम पर सहमति देना कठिन था, क्योंकि सभी पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी और जिला भाजपा नेताओं के बीच चर्चा के बाद इस बात पर सहमति बन गई है कि जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए शिखा रविंद्र गबेल को चुना जाए। शिखा ने खरसिया-1 से जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की संतोषी राठिया को 5314 मतों से पराजित किया है। रविंद्र गबेल को लंबे समय से भाजपा के लिए की जा रही मेहनत का फल मिलना तय था। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए लैलूंगा-2 से जीतने वाले दीपक सिदार का नाम तय माना जा रहा है। 

तीन-तीन नामों का पैनल भेजा

भाजपा की बैठक के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए तीन-तीन नामों का पैनल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सुषमा खलखो, शिखा रविंद्र गबेल और लक्ष्मी जीवन पटेल की दावेदारी सामने आई है। इनमें से किसी एक के नाम पर सहमति बनी है। भाजपा उन विधानसभा क्षेत्रों से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष देना चाहती है, जहां पार्टी का संगठन अन्य क्षेत्रों के मुकाबले थोड़ा कमजोर हो। इस बहाने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ेगी और पार्टी को अगले चुनावों में फायदा होगा। लैलूंगा सीट पर भी भाजपा दो बार लगातार चुनाव हार गई है। खरसिया में भी खराब स्थिति है।

अगले विधानसभा चुनावों पर नजर

भाजपा में किसी को भी कोई भी पद ऐसे ही नहीं मिल जाता। इसके पीछे गहन समीक्षा, पार्टी के नेताओं का मंथन होता है। भविष्य की संभावनाएं देखकर ही किसी के नाम पर सहमति बनाई जाती है। शिखा रविंद्र गबेल खरसिया की निवासी हैं। खरसिया क्षेत्र में भाजपा को कदम और मजबूत करने हैं। इस लिहाज से भी रविंद्र गबेल को मौका दिया जा रहा है। वहीं लैलूंगा सीट पर भी भाजपा अब नए चेहरों की तलाश में है, जो पुराने चेहरों से बेहतर विकल्प हो। इसलिए दीपक सिदार को उपाध्यक्ष के रूप में चुना जा सकता है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: