- दर्जन भर से ज्यादा संस्थाओं को भेजा डिमांड बिल, आवासीय और व्यावसायिक दोनों इस्तेमाल
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। नगर निगम ने उन स्कूलों पर निगाहें फेरी हैं, जसे टैक्स नहीं दे रहे हैं। व्यवसाय के रूप में चल रहे ये स्कूल खुद को सेवाभावी बताकर टैक्स से बचने की जुगत लगा रहे हैं। ऐसे दर्जन भर से ज्यादा स्कूलों से बकाया टैक्स चुकाने का नोटिस दिया गया है। भुगतान नहीं करने पर संपत्ति सील की जा सकती है। एजुकेशन सेक्टर ने बहुत तेजी से करवट ली है। पहले सरकारी स्कूलों में 70-80 प्रश बच्चे पढ़ते थे और बाकी प्राइवेट स्कूलों में जाते थे। अब यह धीरे-धीरे उल्टा होने लगा है। अब सरकारी स्कूलों की संख्या सरकार खुद ही कम कर रही है। प्राइवेट स्कूल लॉबी ने इसे मौके के रूप में भुनाया है और हर गली-मोहल्ले में निजी स्कूल खुल गए हैं।
नगर निगम रायगढ़ क्षेत्र में ऐसे स्कूलों की भरमार है। प्ले स्कूल से लेकर 12 वीं तक की शिक्षा देने वाले स्कूलों में से कई ने नो प्रॉफिट नो लॉस बताकर टैक्स से बचने का जुगाड़ खोजा है। इन निजी स्कूलों पर अब नगर निगम ने कार्रवाई का अभियान छेड़ा है। पहले चरण में ऐसे करीब दर्जन भर से ज्यादा स्कूलों को टैक्स चुकाने का नोटिस दिया गया है। संपत्ति कर, समेकित कर, शिक्षा उपकर, जलकर, यूजर चार्ज, अर्थदंड आदि मिलाकर डिमांड नोटिस भेजा गया है। इनमें कई प्ले स्कूल और बड़े स्कूल भी शामिल हैं। हर वो संस्था जो शिक्षा को कारोबार के रूप में चला रही है, उसे टैक्स देना ही पड़ेगा। ऐसे कई भवन हैं जो आवासीय प्रयोजन के हैं लेकिन इनमें निजी स्कूल संचालित हैं। अतिरिक्त आय के लिए ही स्कूल खोले गए हैं, मतलब व्यावसायिक उपयोग हो रहा है।
हर साल बढ़ाते हैं फीस, टैक्स नहीं देते
निजी स्कूलों का कारोबार अब अरबों के टर्न ओवर वाला हो गया है। जिले के सबसे बड़े स्कूलों में केवल फीस से करोड़ों की कमाई होती है। ऐसे कई संस्थान हैं जो खुद को सेवाभावी बताकर टैक्स से छूट मांगते हैं। हकीकत यह है कि इनकी कमाई की कोई थाह नहीं है। हर साल फीस बढ़ रही है, किताबों की कीमत बढ़ रही है, लेकिन टैक्स देने के नाम पर बचकर निकलते हैं। नगर निगम ने ऐसे स्कूलों से टैक्स वसूली का अभियान शुरू किया है।
कुछ स्कूल और टैक्स डिमांड
जैक एंड जिल प्ले स्कूल – 51,747 रुपए
आनंद मार्ग प्रबंधक बेलादुला – 9095 रुपए
गीता ठाकुर अभिनव स्कूल – 1,22,971 रुपए
गुरुनानक हाई स्कूल – 3,29,051 रुपए
गुरुकुल विद्या मंदिर – 11,768 रुपएछ
अजय कुमार अग्रवाल – 5,63,785 रुपए
सेंट माइकल स्कूल ट्रस्ट – 1,050360 रुपए
अमित अग्रवाल गुरु द्रोण हायर सेकंडरी – 2,12,371 रुपए























