रायगढ़। खरसिया नगर में एक बार फिर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रायगढ़ चौक के पास अंजोरीपाली स्थित मारूति निवास में अज्ञात चोरों ने किराए के मकान का ताला तोड़कर नगदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मामले में चौकी खरसिया में एफआईआर क्रमांक 0142/26 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी अभय पाल चौहान, जो गीता देवी पैथोलॉजी का संचालन करते हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि वे मारूति निवास अंजोरीपाली में किराए के मकान के रूम नंबर 08 में रहते हैं। दिनांक 21 मार्च 2026 को सुबह करीब 11 बजे वे अपने कमरे में ताला लगाकर रायगढ़ स्थित अपेक्स हॉस्पिटल गए थे और वहां से सक्ती चले गए। इसी दौरान 21 मार्च की रात से 22 मार्च की सुबह 10 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे नगद 50 हजार रुपये सहित सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है, चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी उन्हें तब हुई जब कॉलोनी में काम करने वाली महिला ने फोन कर बताया कि कमरे का ताला संदिग्ध स्थिति में है। वापस लौटकर जब उन्होंने कमरे की जांच की तो अलमारी खुली मिली और नगदी सहित जेवरात गायब थे। चोरी गए सामान में पायल, मांग मोती, बच्चों के चांदी के कंगन, कमरबंध, नथनी और सोने का लॉकेट सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।























