रायगढ़ (केलो प्रवाह)। जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान आगामी 4 नवंबर को होगा। निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए मतदान प्रक्रिया के कार्यक्रम की रूपरेखा तय की है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सचिव कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव सहित कार्यकारिणी सदस्य के 9 पद के लिए चुनाव होना है। वहीं 7 अक्टूबर को प्राथमिक मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा।
जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत आगामी 7 अक्टूबर को प्राथमिक मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ कार्यक्रम शुरू होगा। वहीं 12 अक्टूबर तक मतदाता सूची में दावा आपत्ति की जा सकेगी जिसका निराकरण निर्वाचन मण्डल द्वारा किये जाने के बाद 13 अक्टूबर की शाम को 5 बजे मतदाता सूची का अंतिम प्रकाश किया जावेगा। वहीं अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन पत्र प्राप्त करने एवं जमा करने के लिए 14 से 23 अक्टूबर तक का समय तय किया गया है।
24 अक्टूबर को 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्रों की स्कुटनी होगी तथा 26 अकटूबर को 11 बजे से 3 बजे तक का नामांकन वापसी का होगा। 27 अकटूबर की शाम को 5 बजे अभ्यर्थियों की सूची सूचना पटल पर चस्पा की जावेगी। वहीं 4 नवंबर को 11 बजे से शाम 5 बजे तक लायब्रेरी कक्ष में मतदान होगा तथा 5 नवंबर को मतगणना होगी। वहीं 12 नवंबर को निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा।























