रायगढ़ (केलो प्रवाह)। शहर के तालाबों को सुंदर बनाने के लिए काम किए जा रहे हैं। फटहामुड़ा तालाब में करीब सवा तीन करोड़ की लागत से सौंदर्यीकरण हो रहा है। इस बीच जानकारी सामने आई है कि क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक कलेक्टर ने बेजा कब्जा हटाने का सख्त निर्देश दिया है। फटहामुड़ा तालाब की दशा सुधारने के लिए करीब 3.14 करोड़ का टेंडर पास किया गया है। संजय केडिया को इसका ठेका मिला है। तालाब किनारे पाथवे, गार्डन, ओपन जिम और पचरी का निर्माण होना है।
तालाब परिसर में फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी। तालाब को तफरीह के लायक बनाया जाएगा। उक्त तालाब किनारे सघन पौधरोपण होगा। इस बीच अतिक्रमण की जानकारी भी सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक इस क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जे को हटाने का आदेश दिया गया है। कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही तालाब का सीमांकन करने का आदेश भी दिया गया है। तालाब की सीमा में अतिक्रमण की शिकायत पहले भी की गई थी।
विस्तृत सीमांकन होने पर पता चलेगा कि मूल रूप से तालाब की जमीन में से कितने हिस्से पर अतिक्रमण हो चुका है। बांजीपाली क्षेत्र में सरकारी जमीन और कोटवारी जमीन पर अवैध बस्ती बस चुकी है। सूत्रों के मुताबिक बुधवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान अतिक्रमण का यह मामला सामने आया। फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करने पर चर्चा हुई। इस दौरान कलेक्टर ने सीमांकन कर तालाब के आसपास अवैध निर्माण की जांच करने को कहा है।























