रायगढ़, 07 मई। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सरवानी में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चालक की लापरवाही ने पांच साल के मासूम बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। घटना बीते सोमवार सुबह करीब 11:00 बजे की है, जब गांव का ही रहने वाला मासूम भास्कर बैरागी अपने घर के सामने सड़क किनारे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बस्ती की दिशा से आ रही प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 जी 4769 के चालक राहुल उर्फ गोलू बोडडे उरांव ने वाहन को बेहद तेज और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बालक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस सड़क हादसे में भास्कर के बाएं पैर की जांघ में गंभीर चोट आई और उसकी हड्डी टूट गई है। हादसे के बाद घायल बच्चे को तुरंत खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बच्चे के पिता हरिदास बैरागी, जो पेशे से पेंटर हैं, उन्होंने बताया कि टक्कर मारने के बाद जब उन्होंने चालक राहुल से इलाज के लिए मदद मांगी तो उसने पैसे न होने की बात कही और मौके से भाग निकला। इसके बाद प्रार्थी हरिदास ने थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
खरसिया पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0217/26 दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से गांव के लोगों में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर काफी रोष देखा जा रहा है।























