बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला में अध्यक्ष चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई। चुनाव के दौरान दोनों दलों के नेताओं के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इस दौरान भाजपा के कैलाश नायक के कपड़े फाड़ दिए गए, जिससे माहौल और गरमा गया। स्थिति को काबू में करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए दोनों पक्षों के नेताओं को शांत कराने की कोशिश की। झड़प के कारण चुनाव प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हो गया था। फिलहाल, माहौल तनावपूर्ण पर पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। इस घटना ने जनपद पंचायत के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के तहत जनपद पंचायत बरमकेला के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन संपन्न हुआ, जिसमें पीठासीन अधिकारी प्रखर चंद्राकर और पूरी टीम का कार्य अच्छा रहा। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार डॉ. विद्या किशोर चौहान ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया। डॉ. विद्या किशोर चौहान को कुल 13 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी, भाजपा समर्थित दीपमाला जांगड़े को 12 मत मिले। इस करीबी मुकाबले में कांग्रेस ने एक मत के अंतर से जीत हासिल की। साथ ही उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से ओंकार पटेल एवं भाजपा से कौशल्या नायक थे, जिसमें कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में 13 वोट प्राप्त हुए और भाजपा समर्थित प्रत्याशी को 12 मत प्राप्त हुए। इस तरह से डॉ. विद्या किशोर चौहान अध्यक्ष तो ओंकार को उपाध्यक्ष चुन लिया गया।
अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं। डॉ. विद्या किशोर चौहान की इस जीत को कांग्रेस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। चुनाव परिणाम से साफ हो गया है कि बरमकेला में कांग्रेस की पकड़ मजबूत हो रही है। जीत के बाद डॉ. विद्या किशोर चौहान ने कहा कि यह जीत जनता की सेवा और उनके विश्वास की जीत है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेंगे। इस जीत के साथ कांग्रेस ने बरमकेला में अपनी राजनीतिक स्थिति और अधिक मजबूत कर ली है। ओंकार पटेल ने कहा कि सब मिलकर ब्लाक जनता का काम करेंगे।
आज जनपद पंचायत बरमकेला के चुनाव के दौरान जिस प्रकार से फिर भाजपा समर्थित जनपद पंचायत सदस्यों का अपहरण करने का प्रयास किया गया और मारपीट की घटना हुई, इस घटना के बाद स्थानीय जनता और भाजपा समर्थित जनपद पंचायत सदस्यों के मन में भय व्याप्त है, आज हुई इस बड़ी घटना के बाद एक बार फिर से स्थानीय कांग्रेस का चाल चरित्र और चेहरा उजागर हुआ। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का और भारतीय जनता पार्टी परिवार का धन्यवाद और आभार जिन्होंने इस बड़ी घटना को अंजाम होने देने से रोका। श्रीमती उत्तरी जांगड़े विधायक ने भी जीत की बधाई दी और कहा कि बरमकेला में नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत में कांग्रेस का कब्जा है, जिससे बरमकेला नगर सहित ग्रामीण जनता को भी दिल से बधाई दी। दोनों पार्टी के बड़े-बड़े नेता एवं कार्य कर्ता उपस्थित थे।
जनपद पंचायत बरमकेला में आज अध्यक्ष चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। इस विवाद में भाजपा के चुनाव प्रभारी कैलाश नायक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किए जाने की खबर सामने आई है। घटना उस समय हुई जब कैलाश नायक का काफिला जनपद पंचायत चुनाव के दौरान जनपद सदस्यों से संपर्क के लिए आगे बढ़ रहा था। तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैलाश नायक की गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद कैलाश नायक जब स्थिति का जायजा लेने के लिए अपनी गाड़ी से बाहर निकले, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। झड़प के दौरान कैलाश नायक के कपड़े फाड़ दिए गए और उनके शरीर पर नाखून के गहरे निशान भी देखे गए।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक चल रही थी, जो इस हिंसक घटना का कारण बनी। घटना के बाद मौके पर पहले से तैनात पुलिस बल ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं से पूछताछ की और स्थिति पर नियंत्रण पाया। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सुनियोजित हमले का आरोप लगाया है। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस झड़प के बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष चुनाव का माहौल पूरी तरह गरमा गया है। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
यशवंत नायक के साथ हाथापाई
जनपद पंचायत बरमकेला में गहमागहमी के साथ अध्यक्ष उपाध्यक्ष का निर्वाचन से पहले भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव देखने को मिला। इस दौरान भाजपा के युवा नेता यशवंत नायक के साथ हाथापाई की घटना सामने आई, जिसमें उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया इस घटना में यशवंत नायक को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मरहम पट्टी कराई गई। यशवंत नायक भाजपा के युवा कर्मठ नेता हैं। घटना के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ आक्रोशित नजर आए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि घटना चुनाव से जुड़ी आपसी रंजिश के कारण हुई। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया, जिससे यशवंत नायक युवा भाजपा नेता के स्थिति को देखने भाजपा के वरिष्ठ नेता जगन्नाथ पाणिग्राही, तरुण अग्रवाल, गजानंद गढिय़ा, राजू नायक भाजपा पार्षद अस्पताल पहुंचे थे।























