रायगढ़ (केलो प्रवाह)। शहर के मोहल्लों में खराब सडक़ों के जीर्णोद्धार एवं पानी निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए शासन से 10 करोड़ 9 लाख रूपए की स्वीकृति मिली है। नगर निगम से भेजे गये प्रस्तावों पर अनुमति प्रदान करते हुए शासन द्वारा विभिन्न वार्डों में सीसी सडक़ व नाली निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों को हरी झण्डी दी है। अधोसरंचना मद से गोवर्धनपुर में पुलिया तो सूर्या विहार कालोनी के पास बस स्टाप, चांदनी चौक मंगल भवन उन्नयन व लगभग 60 सडक़ एवं 55 नाली निर्माण के कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यो की वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब टेण्डर प्रक्रिया की जावेगी। नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में विकास कार्यों में अब तेजी आयेगी।
दरअसल विभिन्न मोहल्लों में जर्जर सडक़ों के जीर्णोद्धार व पानी निकासी के लिए समुचित व्यवस्था करने नालियों के निर्माण के लिए निगम प्रशासन द्वारा प्रस्ताव तैयार किया गया था। वहीं तैयार किये गये प्रस्तावों की वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को पत्र भेजा गया था। अधोसंरचना मद से शासन ने 10 करोड़ 9 लाख 15 हजार रूपए की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से जहां शहर से सभी वार्डों में लगभग 60 सीसी सडक़ों का जीर्णोद्धार किया जावेगा तो वहीं 55 आरसीसी नाली निर्माण होागा। इसके अलावा 16 लाख 20 की लागत से गोवर्धनपुर में पुलिया निर्माण, साढ़े 9 लाख रूपए की लागत से सत्तीगुड़ी चौक स्थित इंदिरा गांधी स्कूल का उन्नयन कार्य किया जावेगा।
वहीं लगभग साढ़े 13 लाख की लागत से चांदनी चौक स्थित जर्जर हो चुके मंगल भवन का भी जीर्णोद्धार कार्य करवाया जावेगा। वहीं वार्ड क्रमाक 25 में सूर्या विहार कालोनी के पास शेड निर्माण एवं बस स्टॉप के लिए 15 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। गौरतलब है कि नगर निगम क्षेत्र के मोहल्लों की सडक़ें भी काफी खराब स्थिति में हैं तथा कई मोहल्लों में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है तथा अधिकांश मोहल्लों में छोटी नालियां बनी हुई हैं जिससे पानी भर कर सडक़ पर बहता है।
इसी को देखते हुए नालियों की गहराई बढ़ाते हुए आरसीसी नाली का प्रस्ताव तैयार किया गया है तथा जर्जर सडक़ों के पुनर्निमाण से गली मोहल्लों में भी आवागमन के लिए लोगों को सुविधा मिल सकेगी। बताया जा रहा है कि शासन से वित्तिय स्वीकृति प्रदान हो गई है लिहाजा अब प्रस्तावित सभी कार्यों का टेण्डर किया जावेगा और मार्च तक कार्यों को पूर्ण करा लिया जाएगा।























