रायगढ़ (केलो प्रवाह)। घर के सामने गाली-गलौज करने से रोकने पर मकान मालिक को जान से मारने की धमकी देते हुए पेट में चाकू मारकर घायल कर देने वाले युवक को न्यायालय ने पांच वर्ष के सश्रम कारावास के साथ दो हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। उक्त मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थाना में प्राची विहार निवासी लक्ष्मी प्रसाद खैरवार ने मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 19 अगस्त 2024 की रात को 10 बजे वह अपने घर में था, इसी दौरान बाहर में अशोक बेहरा गाली-गलौज
कर रहा था, जिसे मना करने पर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए अपने हाथ में रखे चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। चाकू लगने पर लक्ष्मी प्रसाद के पेट से खून बहने लगा था। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने लक्ष्मी प्रसाद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया तथा डॉक्टरी मुलाहिजा करवाया गया। वहीं आरोपी अशोक बेहरा उर्फ बिट्टू बेहरा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296, 351 (2), 109 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
वहीं उभयपक्ष की सुनवाई के बाद प्रस्तुत किए गए साक्ष्य एवं गवाहों के आधार पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश तजेश्वरी देवी देवांगन ने बीएनएस की धारा 296, 351 (2) के अपराध में आरोप प्रमाणित नहीं होने पर आरोपी अशोक बेहरा उर्फ बिट्टू बेहरा को इन धाराओं के अपराध से दोषमुक्त कर दिया। वहीं बीएनएस की धारा 109 (1) के अपराध में उसे दोषी पाते हुए पांच वर्ष का सश्रम कारावास तथा दो हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। शासन की ओर से प्रकरण में अपर लोक अभियोजक योगेश कुमार प्रधान ने पैरवी की है।

























