- दशकर्म का न्योता देने जा रहे थे तीनों युवक
- सड़क से नीचे उतारते ही अनियंत्रित होकर गिरी बाइक
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। पिकअप को साइड देने के फिराक में बाइक को सड़क से नीचे उतारने के दौरान गिर जाने पर एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों दशकर्म का न्योता देने जा रहे थे। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध जुर्म दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उक्त घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक लैलूंगा थानांतर्गत कटेलपारा निवासी हलेश्वर राउत शुक्रवार की सुबह तकरीबन 10 बजे मीनकेतन राउत व कृष्णा राउत को साथ लेकर
अपनी टी. व्ही. एस. स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 13 यूजी 6429) से दशकर्म का न्योता देने जा रहे थे तथा हलेश्वर बाइक चला रहा था। इसी दौरान ग्राम पोतरा के पास विपरीत दिशा से आ रही पिकअप वाहन को साइड देने के लिए हलेश्वर ने जैसे ही बाइक सड़क से नीचे उतारा कि अनियंत्रित होकर वे तीनों सड़क पर गिर गए। उसे व कृष्णा को मामूली चोट पहुंची थी परंतु मीनकेतन के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से वह बेहोश हो गया था जिसे तत्काल लैलूंगा अस्पताल ले जाया गया जहां प्रारंभिक जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने शव का पीएम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपते हुए बाइक चालक हलेश्वर राउत पिता छबी लाल राउत के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 व बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

























