छोड़कर सामग्री पर जाएँ

आधी रात खूनी खेल! स्कूटी नाली में गिरी तो घेरकर चाकू से गोदा, युवक की दर्दनाक मौत

IMG 20260831 WA0027

रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास दो युवकों से विवाद के बाद अहमद खान स्कूटी से भागने लगा, लेकिन स्कूटी नाली में गिरने के बाद हमलावरों ने उसे घेर लिया। धारदार हथियार से कई वार किए जाने के बाद अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।डंगनिया निवासी अहमद खान की सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे अश्वनी नगर की एक गली में दो युवकों से किसी बात को लेकर बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर अहमद स्कूटी लेकर वहां से निकलने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी सड़क किनारे नाली में गिर गई और वह सड़क पर जा गिरा। पुलिस के अनुसार, पीछा कर रहे दोनों हमलावरों ने अहमद को जमीन पर गिरा देखा तो उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

एम्स ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अहमद को उपचार के लिए एम्स ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही DCP, ADCP और ACP समेत क्राइम ब्रांच की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों से भी घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामूली विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

कन्हैया अग्रवाल ने पुलिसिंग पर उठाए सवाल

राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने पुलिसिंग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर में नशे और अवैध कारोबार का असर बढ़ रहा है तथा गांजा, शराब, सट्टा और जुए के कारण आपराधिक घटनाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है और चाकूबाजी तथा हत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबारियों, सटोरियों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो जनता की सुरक्षा और शहर की शांति के लिए कांग्रेस आंदोलन करेगी।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: