छोड़कर सामग्री पर जाएँ

पहले शादी के नाम पर जीता भरोसा, फिर लूटी इज्जत; अब अपने वादे से मुकर कर देने लगा धमकी… भाठनपाली से दबोचा गया फरार आरोपी

20261120 165025

रायगढ़, 20 नवंबर 2026। शादी का झूठा वादा कर एक महिला की अस्मत से खिलवाड़ करने वाले शातिर आरोपी को रायगढ़ की महिला थाना पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे 33 वर्षीय आरोपी को पुलिस टीम ने जूटमिल क्षेत्र के ग्राम भाठनपाली में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

दोस्ती से शुरू हुआ सिलसिला, फिर शादी का भरोसा देकर किया शोषण

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चक्रधरनगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहने वाली 33 वर्षीय महिला ने बीती 3 नवंबर 2026 को महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2012 में उसका सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। साल 2024 में उसकी पहचान ग्राम भाठनपाली निवासी प्रवीण कुमार प्रधान से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी का महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि 4 दिसंबर 2024 को प्रवीण ने शादी करने का पूरा विश्वास दिलाकर महिला को अपने किराये के मकान पर बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

घर में घुसकर की जबरदस्ती, शादी से मुकरते हुए दी धमकी

पीड़िता के मुताबिक, हद तो तब हो गई जब 18 जनवरी 2026 को आरोपी उसके घर पहुंचा और विवाद करते हुए उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने शादी की बात कही, तो वह साफ मुकर गया और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया जाल, ऐसे धराया आरोपी

केस दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में महिला थाना व जूटमिल पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।

महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने आरोपी को पकड़ने के लिए मुखबिरों का जाल बिछा रखा था। शुक्रवार, 20 नवंबर को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव भाठनपाली में देखा गया है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए गांव में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी प्रवीण कुमार प्रधान (पिता दिनदयाल प्रधान, उम्र 33 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस टीम की रही अहम भूमिका

फरार आरोपी की गिरफ्तारी में महिला थाना प्रभारी एसआई कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव और आरक्षक संदीप भगत की सराहनीय भूमिका रही।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: