छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: किराये के मकान में चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, नकली ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस ने संचालक को दबोचा.. देखें Video

IMG 20261119 WA0006
  • ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने ग्राहक बनाकर जवान को भेजा, गुप्त संकेत मिलते ही दी दबिश
  • कमरे से युवती और आपत्तिजनक सामग्री बरामद, 2 हजार रुपये नकद और मोबाइल जब्त
  • PITA एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू

रायगढ़, 19 नवंबर 2026। शहर के पॉश इलाके केलो विहार में किराये के मकान की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का रायगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत थाना चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने सुनियोजित तरीके से दबिश देकर मुख्य संचालक गोविंद साहू (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस, संकेत मिलते ही मारा छापा

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू ने केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर ले रखा है और वहां बाहर से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार का धंधा चला रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया और अपने एक जवान को नकली ग्राहक बनाकर मकान के भीतर भेजा। सौदा तय होने और पाइंटर द्वारा निर्धारित गुप्त संकेत मिलते ही बाहर घेराबंदी कर खड़ी पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी।

कमरे से युवती व आपत्तिजनक सामग्री बरामद

तलाशी के दौरान मकान में संचालक गोविंद साहू मौजूद मिला, जबकि अंदर के एक कमरे में एक युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे पैसों का लालच देकर अनैतिक कार्य के लिए वहां बुलाया था। वहीं, आरोपी गोविंद साहू ने आर्थिक तंगी और पैसों की जरूरत के चलते इस अवैध धंधे में उतरने की बात कबूल की है।

नकदी व मोबाइल जब्त, PITA एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से वसूले गए 2,000 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। थाना चक्रधरनगर में आरोपी के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 (PITA Act) की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में सीएसपी राहुल उईके, थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, संजय नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं प्रीति यादव की भूमिका रही।

एसएसपी ने दी अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में किसी भी तरह के अनैतिक और अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। महिलाओं के शोषण और देह व्यापार जैसे अपराधों में लिप्त लोगों पर पुलिस की नजर है। उन्होंने आम नागरिकों से अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: