रायगढ़ (केलो प्रवाह)। शुक्रवार को विद्युत व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी के कारण शहर से लेकर ग्रामीण अंचल के लोगों को हलाकान कर दिया। 220 केवी सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर का फिमेल कनेक्टर क्षतिग्रस्त होने एवं 132 केवी इन कमिंग लाईनों में क्लैंप खराब होने की वजह से लगभग 4 से 5 घंटे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। विभाग द्वारा शटडाउन लेकर सुधार कार्य करवाया गया तब कहीं जाकर विद्युत व्यवस्था बहाल हो सकी। विद्युत व्यवस्था में आई तकनीकी खराबी को दुरूस्त करने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड ने मेंटेनेंस कार्य के लिए शनिवार का दिन तय किया था परंतु 220 केवी सब स्टेशन में
ट्रांसफार्मर का फिमेल कनेक्टर क्षतिग्रस्त होने एवं ट्रांसफार्मर के अत्यधिक गर्म होने की वजह से एक दिन पहले याने कि शुक्रवार को ही CSPTCL द्वारा शटडाउन लेकर सुधार कार्य शुरू करवाया गया। पूर्वान्ह 11 बजे से रायगढ़ शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि 220 केवी सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर का फिमेल कनेक्टर क्षतिग्रस्त होने एवं 132 केवी इन कमिंग लाईनों में क्लैंप खराब होने के अलावा हिरापुर सब स्टेशन में भी सुधार कार्य जरूरी हो गया था। वहीं उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सारंगढ़ व सराईपाली से बैकफीड सप्लाई देने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी परंतु कुछ ही क्षेत्र में लो वोल्टेज के साथ सीमित लोड ही उपलब्ध कराया जा सका।
वहीं विद्युत विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त उपकरणों को दुरूस्त करने के कार्य प्रारंभ किया गया था। वहीं ट्रांसफार्मर को दोबारा चार्ज करने के लिए क्षतिग्रस्त फिमेल कनेक्टर को बदलना आवश्यक था जिसकी मरम्मत करने के बाद दोपहर लगभग दो बजे शहरी क्षेत्र के जोन वन में विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी गई थी, परंतु जोन टू एवं ग्रामीण क्षेत्र में शाम 4 बजे के बाद विद्युत व्यवस्था बहाल हो सकी। उमस भरी गर्मी में लगभग 4 से 5 घंटे तक बिजली गुल रहने के कारण लोग काफी परेशान रहे। वहीं शाम को लाईट आने के बाद कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
क्या कहते हैं अधिकारी
शनिवार को मेंटेनेंस की योजना थी परंतु अचानक160 एमवी ट्रांसफार्मर नंबर 3 में समस्या आ गई थी जिससे 132 केवी सब स्टेशन में भी समस्या आ गई और ट्रांसफार्मर गर्म हो गया था जिससे लोड बैलेंस नहीं हो पाता इसे ठीक करना जरूरी था। वहीं रायगढ़ के 132 केवी एवं 220 केवी सब स्टेशन के बीच के सर्किट में भी समस्या थी। दोनों का सुधार कार्य करना अत्यंत आवश्यक था इसलिए शुक्रवार को ही कार्य किया गया।
– दीपक कुमार मारकण्डेय
ईई सीएसपीटीसीएल
























