छोड़कर सामग्री पर जाएँ

परदे पर ‘नायक’ बने एसएसपी शशि मोहन सिंह, फिल्म ‘ख़ौफ – द डिजिटल वार’ का शुभारंभ.. देखें पूरी मूवी

ssp shashi mohan singh short film khauf
  • कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या देवी साय एवं पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की रही गरिमामयी उपस्थिति
  • लेखक, निर्देशक और अभिनेता के रूप में पुलिस कप्तान की दिखी बहुमुखी प्रतिभा, स्थानीय कलाकारों ने भी जीता मन

जशपुर। जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में कल साइबर फ्रॉड पर आधारित शॉर्ट फिल्म “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस गौरवमयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय एवं प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जशपुर के विशिष्ट प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिकों सहित फिल्म ‘ख़ौफ़’ की पूरी टीम ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस फिल्म की सबसे विशेष बात यह है कि इसकी पटकथा स्वयं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लिखी है और उन्होंने ही इसका सफल निर्देशन भी किया है।

इतना ही नहीं, कला के प्रति अपने समर्पण को दर्शाते हुए उन्होंने फिल्म में एक पीड़ित शिक्षक की महत्वपूर्ण मुख्य भूमिका निभाई है। उनके सुपुत्र ऋभु समर्थ सिंह भी इस फिल्म में प्रमुख भूमिका में नजर आए हैं। विदित हो कि एसएसपी शशि मोहन सिंह समाज के ज्वलंत मुद्दों पर लगातार शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने जशपुर में रहते हुए “कजरी” फिल्म का निर्माण किया था। अब राष्ट्रीय नाट्य मंचन की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर उन्होंने वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती ‘साइबर फ्रॉड’ को केंद्र में रखकर इस फिल्म का निर्माण किया है।

फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए और शातिर तरीकों को बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म विमोचन के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या देवी साय ने कहा कि ”एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह फिल्मों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म लोगों को जागरूक करने में प्रभावी साबित होगी और उन्होंने पूरी पुलिस टीम एवं फिल्म से जुड़े कलाकारों को शुभकामनाएं दीं।” प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने भी एसएसपी के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने जशपुर में हो रहे नाट्य मंचन की प्रशंसा करते हुए स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि फिल्म के जागरूकता संदेशों का सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों के प्रति जागरूक हो सकें। विमोचन कार्यक्रम में उपस्थित फिल्म ‘ख़ौफ़’ की टीम के सदस्य प्रवीण अग्रवाल, कुंदन सिंह, ऋभु समर्थ सिंह, वंशिका गुप्ता, लायरा जैन और राम प्रकाश पाण्डेय ने मंच से फिल्म निर्माण को लेकर अपने अनुभव साझा किए। सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने फिल्म की सराहना की और इसे समाज के लिए एक उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल बताया।

यहां देखें पूरी शॉर्ट फिल्म

राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के प्रमुख डॉ. आनंद पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एसएसपी शशि मोहन सिंह और उनके द्वारा इस नाटक के महोत्सव की परिकल्पना की गई थी। इस प्रकार के आयोजन से स्थानीय कलाकारों को एक मंच के साथ लघु फिल्मों में अभिनय करने का अवसर मिल रहा है और “जशरंग महोत्सव” का यह कारवां आगे भी जारी रहेगा।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता राजीव नंदे, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार, श्रीमती अनामिका नंदे, श्रीमती गीतांजलि व्यास, श्रीमती रेखा सिंह, नितिन राय, राजू गुप्ता, महिला समूह “सजल ग्रुप” की महिलाएं सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अंत में एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने अपना संदेश देते हुए कहा कि फिल्म को लेकर लोगों की अच्छी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। फिल्म का उद्देश्य साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने अपील की कि लोग इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और इसका प्रचार-प्रसार करें, ताकि फिल्म का उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सके।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: