छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ के विकास को मिली नई रफ्तार: नवीन नर्सिंग महाविद्यालय भवन के लिए 11.61 करोड़ मंजूर, वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल लाई रंग

Op1

रायगढ़ (केलो प्रवाह)। रायगढ़ जिले को स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक सौगात मिली है। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के सतत प्रयासों से नवीन नर्सिंग महाविद्यालय रायगढ़ के भव्य भवन निर्माण हेतु 11 करोड़ 61 लाख 41 हजार रुपये (1161.41 लाख) की प्रशासकीय स्वीकृति पर वित्त विभाग ने अपनी मुहर लगा दी है। इस बड़ी मंजूरी के बाद अब जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन के निर्माण का कार्य धरातल पर उतरने जा रहा है।

संभाग भर के युवाओं का सपना होगा साकार, बाहर जाने की मजबूरी होगी खत्म

लंबे समय से खुद के भवन के अभाव में नर्सिंग महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को कई तरह की व्यावहारिक और शैक्षणिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब 11.61 करोड़ रुपये की लागत से नया और सुसज्जित भवन बनने से रायगढ़ सहित पूरे संभाग के विद्यार्थियों को आधुनिक लैब, स्मार्ट क्लासरूम और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा। इससे जिले के होनहार युवाओं को नर्सिंग की उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई उपलब्ध होगी।

रोजगार के नए अवसर और स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

वित्त मंत्री ओपी चौधरी का शुरू से ही लक्ष्य रहा है कि रायगढ़ में चिकित्सा शिक्षा का बुनियादी ढांचा इतना मजबूत हो कि यहां के युवा आत्मनिर्भर बन सकें। नए भवन के निर्माण के बाद हर साल सैकड़ों विद्यार्थी प्रशिक्षित होकर स्वास्थ्य सेवाओं में अपना योगदान देंगे। इससे एक ओर जहां स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, वहीं जिले के सरकारी व निजी अस्पतालों में दक्ष नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता बढ़ने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी बड़ा सुधार आएगा।

शिक्षा और स्वास्थ्य का नया ‘हब’ बनकर उभर रहा रायगढ़

वित्त मंत्री ओपी चौधरी की स्पष्ट सोच है कि बेहतर शिक्षा और सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधाएं ही किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की असली नींव हैं। उनकी इसी दूरदर्शी पहल के कारण रायगढ़ आज विकास की नई इबारत लिख रहा है:

  • मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग महाविद्यालय को अपना खुद का भव्य परिसर मिलने जा रहा है।
  • इसके साथ ही नालंदा परिसर और फिजियोथेरेपी कॉलेज जैसे बड़े शैक्षणिक संस्थानों की सौगात ने रायगढ़ को प्रदेश के एक प्रमुख ‘एजुकेशन और हेल्थ हब’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ाया है।

वित्त विभाग से प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने के बाद अब संबंधित विभाग द्वारा टेंडर और तकनीकी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय-सीमा में भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: