रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत तमनार मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। यह हादसा झरियापाली और देवगढ़ के बीच उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार कैंपर गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने स्वागत द्वार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आपातकालीन टीम मौके पर पहुंच चुकी है।
अनियंत्रित होकर पिलर से टकराया वाहन
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, तमनार क्षेत्र से एक महिंद्रा कैंपर गाड़ी शाम करीब 5:30 बजे घरघोड़ा की ओर आ रही थी। इसी दौरान झरियापाली और देवगढ़ के बीच पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे स्वागत द्वार के मजबूत पिलर से जा भिड़ी। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर दौड़े। टक्कर इतनी भयावह थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही सांसें थम गईं।
घायलों को मलबे से निकालकर पहुंचाया गया अस्पताल
दुर्घटना के तुरंत बाद राहगीरों ने डायल 112 को इसकी सूचना दी। आपातकालीन सेवा के आरक्षक राम कृष्ण रात्रे और पायलट जनार चौहान ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह (56 वर्ष, पिता ननकु) और विपिन सिंह (38 वर्ष) को तत्काल घरघोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका सघन उपचार कर रही है।
मृतकों की हुई पहचान, पुलिस जांच में जुटी
बताया जा रहा है कि इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सत्येंद्र पांडेय (45 वर्ष) और कोरबा निवासी रोहित कश्यप (35 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद घरघोड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मर्चुरी भिजवा दिया है।
इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
































You must be logged in to post a comment.