छोड़कर सामग्री पर जाएँ

शिखा गबेल रायगढ़ जिला पंचायत की चौथी महिला अध्यक्ष बनीं, दीपक सिदार बने निर्विरोध उपाध्यक्ष 

Picsart 25 03 07 12 07 34 899 1

रायगढ़। जिला पंचायत में भी भाजपा की सुनामी चली और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों ही पदों पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। भाजपा की शिखा रविन्द्र गबेल अध्यक्ष निर्वाचित हुई तो वहीं उपाध्यक्ष पद पर दीपक सिदार चुने गये। दरअसल, जिला पंचायत की 18 सीटों में से 16 सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीत कर आये हैं तथा कांंग्रेस को मात्र दो सीटों से ही संतोष करना पड़ा। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी खड़े करने में भी सक्षम नहीं थी जिससे भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। रायगढ़ जिला पंचायत में इस बार भारी बहुमत के साथ अपना परचम लहराया है। हाल ही में हुए नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस का लगभग सूपड़ा साफ हो गया है।

वहीं रायगढ़ जिला पंचायत की कुल 18 सीट में से इस बार 16 सीट भाजपा की झोली में आई है और मात्र दो सीट पर ही कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीत पाये हैं। चूंकि जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी होने के लिए उम्मीदवार सहित एक प्रस्तावक व एक समर्थक याने की तीन सदस्यों की आवश्यकता होती है परंतु कांग्रेस के पास मात्र दो ही सदस्य होने के कारण पहले से ही तय था कि भाजपा से ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित होंगे। गुरूवार को जिला पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ । भारतीय जनता पार्टी के सभी डीडीसी सदस्यों को एक साथ भाजपा कार्यालय बुलवाया गया जहां रायपुर प्रदेश कार्यालय से नाम तय हो कर आये लिफाफे को खोला गया। अध्यक्ष पद के लिए शिखा रविन्द्र गबेल का नाम होने पर पार्टी के पदाधिकारियों के साथ शिखा रविन्द्र गबेल ने जिला पंचायत पंहुचकर अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन जमा करने के समय तक अन्य कोई भी प्रतिद्धंदी नहीं होने की वजह से उन्हे निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं दोपहर तीन बजे से उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की गई। उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा से दीपक सिदार निर्विरोध निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल के साथ सभी डीडीसी सदस्य जिला पंचायत पहुंचे थे। वहीं जिला पंचायत में मिली इस शानदार जीत पर भाजपा में जश्न का माहौल देखने को मिला। जिला भाजपा अध्यक्ष अरूण धर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल व पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया ने भी जिला पंचायत पहुंच कर नवनिर्विचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई दी। 

भाजपा कार्यालय में सभी जिला पंचायत सदस्यों का हुआ स्वागत

जिला पंचायत में निर्वाचन की प्रक्रिया पुरी होने के बाद सभी अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल व उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित सभी जिला पंचायत सदस्य भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़ कर मिठाईयां बांटते हुए अपनी खुशी का इजहार किया तो वहीं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने भी सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। 

मैं अकेली नहीं सभी सदस्य, अध्यक्ष बने हैं – शिखा 

img 20250306 wa0004 860x10135391158266365923469 1

नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए  कहा कि मैं अकेली नहीं बल्कि सभी सदस्य अध्यक्ष बने हैं। हम सब मिल कर एक साथ काम करेंगे। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में बहुत अच्छे से विकास कार्य होगा। सभी शासकीय योजनाओं को गांव-गांव में पहुंचाया जायेगा।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: