- चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से सुबह से गिरता रहा पानी, शाम 6 बजे के बाद भी नहीं रुका सिलसिला
- गांव-देहात से सामान लेकर पहुंचे ग्रामीणों की बिक्री पर पड़ी भारी मार
- खुले आसमान के नीचे सजी दुकानों पर भीगते रहे विक्रेता, घरों में सिमटी तुलसी पूजा
रायगढ़ (केलो प्रवाह)। देवउठनी एकादशी पर जिन सड़कों और चौराहों पर हर साल गन्ने की गठरियों, फलों-सब्जियों की ढेरियों और फूल-मालाओं से बाजार गुलजार रहता था, वहां शुक्रवार को बरसते पानी और खामोशी का आलम रहा। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से सुबह शुरू हुआ झड़ी का सिलसिला शाम 6 बजे के बाद भी नहीं थमा। साल भर जिस पर्व की प्रतीक्षा रहती है, उसी दिन बिगड़े मौसम ने शहर की चहल-पहल छीन ली और घर-आंगन की पारंपरिक पूजा का उत्साह भी मद्धम कर दिया। गांधी पुतला से लेकर मुख्य चौराहों तक, दूर-दराज के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने दुकानें तो सजाईं, मगर खरीदारों की आवाजाही गिनती भर की रही। नतीजा यह रहा कि तुलसी पूजन का यह दिन उमंग से ज्यादा निराशा के साए में बीता।
सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे भीगता कारोबार
हर साल इस पर्व पर रायगढ़ के सड़कों के किनारे ग्रामीणों का अस्थायी बाजार सजता है। गांव-देहात से लोग गन्ना, कांदा, सिंघाड़ा, मौसमी फल, फूल-मालाएं और पूजन की तरह-तरह की सामग्री लेकर शहर पहुंचते हैं। शुक्रवार को भी सुबह से ही ये कारोबारी जमीन पर सामान सजाकर बैठ गए थे, लेकिन आसमान से गिरते पानी के आगे बचाव का कोई पक्का इंतजाम उनके पास नहीं था। माल को भीगने से बचाने के लिए उस पर पन्नी और तिरपाल डाली गई, जबकि बेचने वाले खुद भीगते रहे। कुछ गन्ना विक्रेता हाथ में छतरी थामकर ही ग्राहकों से मोलभाव करते नजर आए। देवउठनी पर शहर का सबसे बड़ा बाजार गन्ने का ही सजता है। इस बार भी गांधी पुतला, गर्ल्स कॉलेज के सामने, सत्तीगुड़ी चौक, घड़ी चौक, केवड़ाबाड़ी और ढिमरापुर चौक समेत कई प्रमुख जगहों पर गन्ने की दुकानें लगीं, जहां बेचने वाले दिनभर बौछारों में तर होते नजर आए।
सूना रहा तुलसी चौरा, बरामदे में निभी रस्म
छत्तीसगढ़ की परंपरा में इस दिन आंगन के तुलसी चौरा के पास चौक पूरकर और गन्ने का मंडप सजाकर विधि-विधान से पूजन होता है, जिसके लिए परिवार के साथ खरीदारी को निकले लोगों की भीड़ ही बाजार की पहचान होती है। इस बार ठंडी हवाओं और दिनभर की झड़ी के कारण खुले में बैठना संभव नहीं हो सका, और कई लोग तो सामान लेने घर से निकले ही नहीं। श्रद्धालुओं ने कमरों या बरामदे में सादगी से रस्म निभाई। हर वर्ष आंगनों में जो छटा दिखती थी, वह इस बार नदारद रही।
उम्मीदों पर फिरा पानी, लागत निकालना भी हुआ मुश्किल
देहात के किसान और छोटे व्यापारी बड़ी आस लेकर अपना गन्ना, कांदा, सिंघाड़ा और अन्य फल-फूल व पूजन सामग्री बेचने रायगढ़ पहुंचे थे। उन्हें भरोसा था कि प्रदोष काल की पूजा से पहले मौसम खुल जाएगा और खरीदारों का रेला उमड़ेगा, मगर शाम ढलते-ढलते यह भरोसा जवाब दे गया। भारी बिक्री की सोच में जो ज्यादा स्टॉक जुटाया गया था, उसका काफी हिस्सा अनबिका रह गया और चेहरों पर मायूसी साफ झलकती रही। फल, फूल और कंद जैसी चीजें जल्द खराब हो जाती हैं, इसलिए बचे हुए माल के सड़ने और लागत तक न निकल पाने की फिक्र इन्हें सता रही है। शाम गहराने तक भी मौसम का मिजाज नहीं बदला, इसलिए बाजार की रंगत लौटने की कोई सूरत नहीं दिखी। बरस भर की मेहनत के बाद देवउठनी से जिस कमाई की आस थी, उसकी जगह इस बार इन ग्रामीण कारोबारियों के हिस्से आर्थिक परेशानी आई।

























