छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रात में भी बना रहे शेड, जेनरेटर का एक रात का किराया 5 हजार, ड्रोन सर्वे का नाम सुनते ही छटपटाने लगे लोग

FilePhoto
  • दुर्गापुर और पोरडा चिमटापानी के लिए होना है अधिग्रहण

रायगढ़। एसईसीएल की दो कोयला खदानों को शुरू करने में आ रही रुकावटें सामान्य नहीं हैं। मिली जानकारी के मुताबिक एक गिरोह है जो ड्रोन सर्वे के खिलाफ है। धरमजयगढ़ के प्रभावित क्षेत्र में दिन-रात शेड बनाने का काम चल रहा है। जेनरेटर का एक रात का किराया 5 हजार रुपए हो गया है। एलबेस्टर शीट की खरीदी अचानक से बढ़ गई है। रायगढ़ जिले में पिछले कुछ महीनों में कोयला खदानों की जनसुनवाई का माहौल नरम-गरम रहा। हंगामा भी हुआ और जनसुनवाई भी हुई। अब एसईसीएल की दो माइंस दुर्गापुर और पोरडा-चिमटापानी के लिए भू-अर्जन होना है। कोल इंडिया का उत्पादन बढ़ाने का प्रयास है लेकिन कई रुकावटें आ रही हैं।

एसईसीएल को धरमजयगढ़ में दुर्गापुर माइंस का आवंटन किया गया था। 2015 में धारा 9 का प्रकाशन हो चुका है। करीब 1677 हे. भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसमें 1425 हे. राजस्व भूमि और 252 हे. राजस्व वन भूमि है। दुर्गापुर, शाहपुर, धरमजयगढ़ कॉलोनी, धरमजयगढ़, तराईमार, बायसी और बायसी कॉलोनी की जमीनें ली जाने वाली हैं। अब अवार्ड के पहले एसईसीएल ड्रोन सर्वे करने जा रही है। नियम है कि धारा 9 की स्थिति में ही जमीनों का मुआवजा मिलेगा। दरें भले ही आज की होंगी लेकिन स्थिति 2015 की ही होगी। इसके लिए कंपनी ड्रोन सर्वे की एनओसी ले चुकी है, लेकिन ग्रामीणों को आगे रखकर इसका विरोध किया जा रहा है।

भारतमाला परियोजना की तरह ही खेतों और गांव के अंदर शेड बनाने का काम तेजी से हो रहा है। दिनरात काम किया जा रहा है। रात में जेनरेटर किराए पर लेकर लोग शेड निर्माण कर रहे हैं। एक रात का जेनरेटर का किराया 5000 रुपए हो चुका है। धरमजयगढ़ में अचानक से एसबेस्टस शीट की मांग बढ़ गई है। दुकानदार मंगवा रहे हैं और यह तुरंत खत्म हो रहा है। इस बात से एसईसीएल भी वाकिफ है। इसलिए सैटेलाइट इमेज के जरिए भूमि की वास्तविक स्थिति निकालने की तैयारी है।

एसईसीएल दफ्तर में हुई बैठक
दुर्गापुर माइंस के लिए ड्रोन सर्वे की सूचना मिलने के बाद शेड बनाने वाले टेंशन में हैं। दरअसल हजारों रुपए शेड निर्माण में इन्वेस्ट कर दिया गया है, लेकिन नियमत: यह अवैध है। ऐसे शेड का मुआवजा दिया गया तो कोल इंडिया बर्बाद हो जाएगी। गलत नीयत से शेड बनाए गए हैं। तमनार का मॉडल धरमजयगढ़ में भी अपनाया गया है। पहले भारतमाला परियोजना में बने शेड को तोड़ा जा चुका है। इसके बावजूद लोग समझ नहीं रहे हैं। इस बात को लेकर दुर्गापुर माइंस के कुछ प्रभावित गुरुवार को एसईसीएल दफ्तर पहुंचे थे। जीएम से लंबी चर्चा हुई। लोगों ने शेड का मुआवजा देने की भी मांग की जो नियमों के तहत अवैध है।

पोरडा चिमटापानी में भी यही हाल
एसईसीएल की पोरडा-चिमटापानी माइंस के भू-अर्जन में भी यही दिक्कत है। सर्वे को रोकने के लिए विरोध हो रहा है क्योंकि लोग शेड निर्माण में लगे हैं। इस खदान के लिए करीब 1437 हे. जमीन का अधिग्रहण होना है। इसमें से 691 हे. का अर्जन हो गया है और 746 हे. का बाकी है। एसईसीएल में प्रत्येक दो एकड़ जमीन पर एक व्यक्ति को स्थाई नौकरी देने का प्रावधान है। मुआवजे के अलावा पुनर्वास लाभ देने में एसईसीएल सबसे आगे है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: