रायगढ़ (केलो प्रवाह)। जिला अस्पताल के नये भवन के लिए टेण्डर हो चुका है और जल्द ही पुराने भवन का ढहा कर नया निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा। राज्य शासन ने अस्पताल को सौ बेड से बढ़ा कर तीन सौ बेड व 20 बेड का ट्रामा सेंटर निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। याने कि जिला मुख्यालय में अब 320 बेड के सर्वसुविधायुक्त अस्पताल की सुविधा मिलेगी। किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय का भवन काफी पुराना होने से जर्जर हो गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा पांच वर्ष पूर्व ही इस भवन को जर्जर घोषित कर दिया था। वहीं मेडिकल कॉलेज के अपने भवन में शिफ्ट होने तथा शहर से बाहर होने के कारण जिला चिकित्सालय में मरीजों का लोड ज्यादा बढ़ गया है।
इसको देखते हुए शासन द्वारा अस्पताल की क्षमता सौ बिस्तर से बढ़ाकर तीन सौ बिस्तर की सुविधा के साथ भवन निर्माण के लिए सौ करोड़ रूपए तथा औद्योगिक जिला होने की वजह से ट्रामा सेन्टर की आवश्यकता को देखते हुए पृथक से 20 बेड का ट्रामा सेंटर के लिए 12 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की है। याने कि अब कुल 320 बिस्तर का अस्पताल भवन बनेगा। बताया जा रहा है कि राशि स्वीकृति के बाद टेण्डर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी, लेकिन शुरूआत में दो बार तकनीकी खामियों की वजह से टेण्डर निरस्त हो गये थे।
वहीं तीसरी बार में निविदा की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। नया भवन निर्माण के पूर्व पुराने भवन को ढहाया जाना है, जिससे शुरूआत में निर्माण कार्य पूर्ण होने तक अस्पताल की वैकल्पिक व्यवस्था के विषय में प्रशासन द्वारा विचार विमर्श किया गया। वहीं वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में वर्तमान में गायरिक वार्ड एवं उसके लिए बने भवन का रिनोवेशन कार्य करवाया जा रहा है जिसमें निर्माण कार्य पूर्ण होने तक अस्पताल संचालित किया जायेगा।
पखवाड़े भर में शुरू हो जाएगी सीटी स्केन मशीन
जिला अस्पताल में पूर्व में लगाई गई सीटी स्केन मशीन भी लंबे समय से कंडम पड़ी है जिससे नये भवन निर्माण के साथ ही सीटी मशीन की भी स्वीकृति मिली है। पखवाड़े भर के भीतर सीटी स्केन मशीन आ जायेगी तथा अस्पतान प्रबंधन का कहना है कि मशीन के आते ही उसका इंस्टालेशन करवा दिया जायेगा जिससे मरीजों को सीटी स्केन की सुविधा भी अब जिला चिकित्सालय में ही मिलने लगेगी।
क्या कहते हैं सीएस
सौ करोड़ का बजट अस्पताल व 12 करोड़ का बजट ट्रामा सेंटर के लिए स्वीकृत हुआ है जिसका टेण्डर भी हो गया है। पुराने भवन के डिस्मेंटल का कार्य एक दो माह में शुरू हो जायेगा। इस दौरान वैकल्पिक व्यवस्था के तहत गायनिक भवन जहां रिनोवेशन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है एक देा माह में वहां शिफ्ट हो जायेंगे जिससे अस्पताल को अन्यत्र शिफ्टिंग की जरूरत नही रहेगी और वर्तमान जैसे ही काम चलते रहेगा।
- डॉ. दिनेश पटेल, सिविल सर्जन


















