रायगढ़। रायगढ़ में एक से एक फर्जीवाड़ा करने वाले लोग मौजूद हैं। इनके कारनामे अब रायपुर तक चर्चा में हैं। रायगढ़ के ट्रांसपोर्टर बाप-बेटे ने मिलकर रायपुर के आठ व्यापारियों से दो करोड़ का शक्कर ले लिया। लेकिन पेमेंट नहीं किया। दोनों के खिलाफ खमतराई थाने में अपराध दर्ज किया गया है।
मामला बहुत दिलचस्प है। रायगढ़ कालिंदी कुंज में रहने वाले महावीर ट्रांसपोर्ट संचालक राजेश कुमार अग्रवाल और उनके पुत्र शैलेश अग्रवाल के विरुद्ध रायपुर के आठ कारोबारियों ने खमतराई थाने में शिकायत की है।
उनकी शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 316 (5), 318 (4) और 60 (ए) के तहत अपराध दर्ज किया है। रायपुर के कारोबारियों का आरोप है कि राजेश अग्रवाल व शैलेश अग्रवाल ने सुनियोजित तरीके से ठगी करने के लिए अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में झूठ कहा। स्वयं को अत्यंत प्रभावशाली, संपन्न और सक्षम व्यापारी बताते हुए शक्कर खरीदने का ऑर्डर दिया। राजेश अग्रवाल ने स्वयं को महावीर ट्रांसपोर्ट व चंदगीराम कोल्ड स्टोरेज का मालिक और शक्कर का बड़ा व्यापारी बताया। रामसागरपारा के होटल आई स्टे में बुलाकर शक्कर खरीदने के लिए डील की लेकिन पेमेंट के लिए चार-पांच दिन की मोहलत मांगी।
सिंघल प्रोविजन खमतराई के संचालक राजेश अग्रवाल ने उस पर भरोसा करके 16,34,700 रुपए का शक्कर रायगढ़ भेज दिया। आरोपियों का कहना था कि माल रायगढ़ पहुंचते ही अधिकतम 3-4 दिनों में भुगतान हो जाएगा। लेकिन माल मिलने के बाद उसने भुगतान नहीं किया। तकादा करने पर नंबर को ब्लॉक कर दिया। शक्कर व्यापारियों के व्हाट्सएप ग्रुप से भी हटा दिया। इसके बाद पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस की शरण ली।
> किस-किस से मंगवाया शक्कर
बाद में पता चला कि आरोपियों ने आठ व्यापारियों से एक ही तरह से ठगी की। राजधानी ट्रेडर्स नितेश जैन से 21,36,792 रुपए, आरके बंसल एंड कंपनी रूपक अग्रवाल से 29,05,600 रुपए, केएच शुगर धीरज धुप्पड़ से 15.75 लाख रुपए, वर्धमान ट्रेडिंग अंबिकापुर अंकित कुमार तायल से 46,21,233 रुपए, तुलश्यन ट्रेडर्स मदनलाल अग्रवाल से 19,49,410 रुपए, फर्म भगवानदास भोजराज के अमित छाबड़िया से 22,73,994 रुपए, बालाजी गुड्स प्रकाश अग्रवाल से 30,14,904 रुपए और सिंघल प्रोविजन राजेश अग्रवाल से 16,34,700 रुपए कुल 2,01,36,633 रुपए की ठगी की गई है।






















