छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायगढ़ में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के गड्ढे में बाइक समेत गिरा सरपंच, हुई मौत! रात भर गड्ढे में पड़ी रही लाश, सुबह हुआ खुलासा!

E0A4B8E0A4A1E0A4BCE0A495E0A4B9E0A4BEE0A4A6E0A4B8E0A587E0A4AEE0A587E0A482E0A4B8E0A4B0E0A4AAE0A482E0A49AE0A495E0A580E0A4AEE0A58CE0A4A4

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में विकास की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। यहाँ ढोलनारा गांव के पास रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए सड़क में खोदे गए एक गहरे गड्ढे में गिरने से ग्राम पंचायत रेगांव के सरपंच जेगराम भगत की दर्दनाक मौत हो गई। सरपंच अपनी बाइक समेत सीधे उस गहरे गड्ढे में जा गिरे, जिसे बिना किसी सुरक्षा घेरे या संकेतक के ‘मौत का जाल’ बनाकर छोड़ दिया गया था। अंधेरे में काल बनी इस अधूरी संरचना ने न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि को निगल लिया, बल्कि निर्माण एजेंसियों के उन दावों की भी पोल खोल दी है जिनमें सुरक्षा को सर्वोपरि बताया जाता है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे अंचल में शोक की लहर है।

रात भर गड्ढे में पड़ा रहा शव, सुबह हुआ खुलासा

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार देर रात का बताया जा रहा है। सरपंच जेगराम भगत एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास पसरे अंधेरे के कारण वे सड़क पर खोदे गए विशाल गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा पाए और बाइक सहित उसमें जा समाए। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद रात भर सरपंच का पार्थिव शरीर गड्ढे में ही पड़ी रही और सुनसान रास्ता होने के कारण किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार सुबह जब वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर गड्ढे के भीतर पड़ी, तब जाकर इस खौफनाक मंजर का खुलासा हुआ।

ठेकेदार की लापरवाही पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सीधे तौर पर रेलवे ठेका कंपनी को इस मौत का जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने ओवरब्रिज के खंभों के लिए गहरे गड्ढे तो खोद दिए, लेकिन सुरक्षा के नाम पर भारी लापरवाही बरती गई। न तो गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी और न ही रात में चमकने वाले रिफ्लेक्टर या डेंजर बोर्ड लगाए गए थे। लोगों का कहना है कि इसी गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण सरपंच को अपनी जान गंवानी पड़ी।

पुलिस जांच में जुटी

तमनार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को गड्ढे से बाहर निकाला और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर ठेका कंपनी की भूमिका की जांच की जाएगी। यदि मानकों में कमी पाई गई, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल, इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

न्यूज एडिटर

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से वर्ष 1988 से निरंतर प्रकाशित हो रहे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' के 'Digital Wing' में News Editor की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। Finance (NBFC) क्षेत्र के 15 वर्षों के अनुभव के बाद इन्होंने 'RIG24 Media Network' से Journalism की शुरुआत की और कार्य के दौरान ही 'BJMC' की Professional Degree प्राप्त की। ​विकास अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के Web News Portal और Social Media Platforms का संचालन एवं संपादन कर रहे हैं। ये विशेष रूप से क्षेत्रीय घटनाक्रम, Exclusive रिपोर्ट्स, सीएम की गतिविधियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ Agriculture, Politics, Finance, Infrastructure, Development, Employment, Sports, Career, Current Affairs, सामाजिक, देश-प्रदेश और शासन-प्रशासन से संबंधित कई विषयों पर निरंतर लेखन कर रहे हैं, जो पाठकों की जरूरत के अनुसार उपयोगी हों।

Share: