कोरबा। कुसमुंडा खदान में दो ट्रेलरों के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मृतक चालक वाहन के केबिन में ही फंसा रह गया। घटना के बाद खदान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक चालक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में की गई है। हादसे के बाद उनका शव काफी देर तक ट्रेलर के केबिन के भीतर फंसा रहा, जिसे बाद में बाहर निकाला गया। वहीं हादसे में घायल हुए दूसरे ट्रेलर के चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल और कंपनी से जुड़ाव
हादसे में शामिल दोनों ट्रेलर नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार PKS कंपनी से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद खदान क्षेत्र में कंपनी की कार्यप्रणाली और वहां लागू सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि खदान में सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसकी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
परिजनों का प्रदर्शन और पुलिस की समझाइश
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने खदान प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग शुरू कर दी। इस विरोध-प्रदर्शन के चलते खदान परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
घटना की सूचना पाकर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों व लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।























