सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन ‘सिंग फोरम’ (SING FORUM) में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता दिया। इस दौरान उन्होंने वैश्विक निवेशकों के सामने राज्य की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और नई संभावनाओं को प्रस्तुत किया।
विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज और पारंपरिक उद्योगों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के केंद्र के रूप में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों और आधुनिक तकनीक के समन्वय से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
तकनीक, ग्रीन एनर्जी और लॉजिस्टिक्स में साझेदारी पर जोर
फोरम के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में संभावित सहयोग को लेकर चर्चा हुई। इनमें टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल रहे।
साय ने कहा कि सिंगापुर की तकनीकी दक्षता और शहरी विकास का अनुभव छत्तीसगढ़ की मजबूत औद्योगिक क्षमता के साथ मिलकर विकास की नई राह तैयार कर सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण और हरसंभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
रोजगार और कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच इस साझेदारी से राज्य में केवल वित्तीय निवेश ही नहीं आएगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।























