बालोद। सनौद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस दुर्घटना में उनका 8 वर्षीय छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे मोटरसाइकिल के टकराने से हुआ।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौटते समय अरमरीकला के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, डागेश्वर साहू (34) अपने दो बेटों वेद प्रकाश (12) और अनुराग (8) के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने मामा के घर मोहारा गए हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव गजराबांधा लौट रहे थे।
सफर के दौरान सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला गांव में स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक (क्रमांक CG 08 AU 7510) के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डागेश्वर साहू और उनके बड़े बेटे वेद प्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायल बच्चे का उपचार जारी, जांच में जुटी पुलिस
हादसे में घायल 8 वर्षीय छोटे बेटे अनुराग को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सनौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।























