अंबिकापुर। जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
कर्ज चुकाने के लिए जमीन बेचने पर शुरू हुआ था विवाद
घटना दरिमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भालूकछार के इमलीपारा की है। मृतक की पहचान रमाशंकर सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रमाशंकर ने अपने ऊपर चढ़ा कर्ज चुकाने के लिए लगभग 7 से 8 लाख रुपये में जमीन बेची थी। उनका 32 वर्षीय बेटा मुकेश सिंह जमीन बेचने के इस फैसले से काफी नाराज चल रहा था।
खाना खाते समय टंगिया से किया सिर पर वार
घटना के वक्त रमाशंकर अपनी पत्नी के साथ बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान मुकेश वहां पहुंचा और जमीन को लेकर बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि मुकेश ने आवेश में आकर टंगिया से पिता के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने की वजह से रमाशंकर की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी हिरासत में, जांच में जुटी दरिमा पुलिस
वारदात की सूचना ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची दरिमा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए आरोपी बेटे मुकेश सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और विवाद से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

























You must be logged in to post a comment.