रायगढ़, 28 अप्रैल 2026। जिले के खरसिया ब्लॉक अंतर्गत बरगढ़ खोला क्षेत्र में इन दिनों ईंधन के संकट ने आम जनजीवन और कृषि कार्यों को खासा प्रभावित कर दिया है। खम्हार स्थित ‘मेसर्स दिव्या राधा फ़्यूल्स’ (HP पेट्रोल पंप) पर पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए वाहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। आलम यह है कि पंप के बाहर मुख्य मार्ग तक दर्जनों ट्रैक्टरों, कारों और दुपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, और लोग अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
हफ्ते भर के सूखे के बाद आई बहार, पर मंडरा रहा खत्म होने का डर
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि शाम ढलते ही पंप पर किसानों और स्थानीय लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है। क्षेत्र में कृषि कार्यों के चलते विशेष रूप से ट्रैक्टरों की कतारें सबसे अधिक हैं। वर्तमान में यहाँ पेट्रोल 108.75 रुपये और डीजल 102 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है। कीमतों से अधिक इस समय लोगों की चिंता किसी भी तरह अपना टैंक फुल कराने की है। भारी भीड़ और अफरा-तफरी के माहौल के बीच जब पंप संचालक तिवारी से बात की गई, तो उन्होंने क्षेत्र में
व्याप्त ईंधन की किल्लत की वास्तिवकता को बयां किया। तिवारी ने बताया, “हमें पूरे एक हफ्ते के लंबे इंतजार के बाद जाकर ईंधन का स्टॉक मिल पाया है। लेकिन यह स्टॉक भी ऊंट के मुंह में जीरे के समान है, जो मुश्किल से 2 या 3 दिन ही चल पाएगा।” उन्होंने आगे बताया कि इलाके में ईंधन की भारी किल्लत है। जैसे ही लोगों को पता चला कि पंप पर स्टॉक आ गया है, लोग लगातार पंप की ओर रुख कर रहे हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने में छूट रहे पसीने
मौके पर हालात ऐसे हैं कि पंप प्रबंधन को सुचारू रूप से वितरण करने और व्यवस्था बनाए रखने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। लोग इस डर से भी पंप पर डेरा डाले हुए हैं कि कहीं उनका नंबर आने से पहले ही सीमित स्टॉक खत्म न हो जाए। फिलहाल, पंप कर्मचारी लगातार स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को कतारबद्ध तरीके से ईंधन देने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन एक हफ्ते से ईंधन की कमी झेल रहे स्थानीय निवासियों और किसानों के चेहरों पर इस बात की चिंता साफ झलक रही है कि जब अगले 2-3 दिनों में यह स्टॉक खत्म हो जाएगा, तो उनके वाहनों के पहिए फिर से कैसे घूमेंगे।

प्रशासन और तेल कंपनियों को इस ग्रामीण और कृषि बाहुल्य क्षेत्र में सुचारू आपूर्ति बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है।
































You must be logged in to post a comment.