छोड़कर सामग्री पर जाएँ

युवती की निजी फोटो-वीडियो वायरल करने और धमकी देने का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

IMG 20261004 WA0004 2

जशपुर। युवती की निजी अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने वाले 24 वर्षीय आरोपी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 23/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 351 और आईटी एक्ट की धारा 67 व 67(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ऐप पर दोस्ती के बाद दबाव बनाकर ली थी निजी तस्वीरें

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से आरोपी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा पिता कृष्ण पाल से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि आरोपी ने युवती पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी और अश्लील तस्वीरें व वीडियो हासिल कर स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली।

इसके बाद आरोपी ने उस सामग्री को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया। पीड़िता ने जब बातचीत बंद करने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

फरार आरोपी को दिल्ली से पकड़ा, मोबाइल और दो सिम जब्त

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी के उत्तर प्रदेश स्थित गृह ग्राम में दबिश दी, लेकिन वह फरार था। मुखबिर तंत्र और टेक्निकल टीम की मदद से जानकारी मिली कि आरोपी दिल्ली में छिपा हुआ है। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली से एक विशेष टीम दिल्ली भेजी गई, जिसने आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं। गवाहों के समक्ष मोबाइल की गैलरी और व्हाट्सएप की जांच कर पंचनामा तैयार किया गया और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता और आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या किसी भी ऑनलाइन माध्यम पर निजी तस्वीरों के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग अथवा धमकी मिलने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: