छोड़कर सामग्री पर जाएँ

गुपचुप के ठेले से सपने तक: एक-एक सिक्का जोड़कर अक्षय ने खरीदा अपना ड्रीम फोन

E0A485E0A495E0A58DE0A4B7E0A4AFE0A497E0A581E0A4AAE0A58DE0A4A4E0A4BE 2
  • विरासत से मिला स्वाद, मेहनत से आया आईफोन

रायगढ़, अभिषेक उपाध्याय। शाम के समय कोतरा रोड दशरथ पान ठेला के पास एक गुपचुप के ठेले पर रोज की तरह भारी भीड़ थी। कोई चटपटे गुपचुप का स्वाद ले रहा था, तो कोई पैक करवा रहा था। इसी गहमागहमी के बीच जब ठेले पर खड़े 33 वर्षीय युवक अक्षय गुप्ता के हाथ में ब्रांड न्यू आईफोन 17 दिखा, तो वहां मौजूद हर कोई चौंक गया। हर किसी के मन में बस एक ही सवाल तैर रहा था कि गुपचुप बेचने वाला इतना महंगा फोन कैसे खरीद सकता है? इस सवाल का जवाब किसी शॉर्टकट में नहीं, बल्कि अक्षय के कड़े अनुशासन और ईमानदारी में छिपा है।अक्षय को यह फोन न तो किसी लॉटरी से मिला, न किसी ने उपहार में दिया और न ही उन्होंने इसके लिए कोई कर्ज लिया।

इस प्रीमियम स्मार्टफोन के पीछे उनकी महीनों की छोटी-छोटी बचतों की कहानी है। अक्षय ने अपनी रोज़ की कमाई में से एक निश्चित हिस्सा अलग रखना शुरू किया और अपनी फिजूलखर्ची पर पूरी तरह नियंत्रण रखा। धीरे-धीरे यह गुल्लक बढ़ती गई और आखिरकार वह दिन भी आ गया जब उन्होंने बिना किसी वित्तीय बोझ के अपने दम पर अपना ड्रीम फोन खरीद लिया। रायगढ़ शहर नया था, लेकिन अक्षय का आत्मविश्वास पुराना। उन्होंने किसी शॉर्टकट के बजाय अपनी गुणवत्ता पर भरोसा किया। वे गोलगप्पे, पापड़ी और सारा मसाला खुद तैयार करते हैं। यही वजह है कि बाराद्वार, खरसिया और आसपास के इलाकों के लोग विशेष रूप से उनका स्वाद चखने आते हैं।अक्षय कहते हैं कि इस फोन को खरीदने की असली खुशी इसकी कीमत में नहीं, बल्कि इसके पीछे छिपे मेरे महीनों के संघर्ष और पसीने की कमाई में है। यह मेरे लिए सिर्फ एक गैजेट नहीं, मेरी मेहनत का प्रतीक है।

तीन पीढ़ियों का स्वाद और विरासत की बुनियाद
अक्षय गुप्ता मूल रूप से शक्ति के रहने वाले हैं। स्वाद का यह हुनर उन्हें विरासत में मिला है। उनके दादाजी ने गुपचुप और बताशा बनाने का जो काम शुरू किया था, उसे आज भी उनका परिवार पूरी शिद्दत से चला रहा है। उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्य आज भी शक्ति में इसी व्यवसाय से जुड़े हैं। बताशा व्यवसाय के सिलसिले में अक्षय का पिछले 10 वर्षों से रायगढ़ आना-जाना था, जिससे वे यहाँ के बाजार और लोगों की पसंद को अच्छे से समझ चुके थे। करीब दो साल पहले वे पूरी तरह रायगढ़ आ गए।

रील तो अब वायरल हुई, व्यवहार बरसों पुराना है
हाल ही में सोशल मीडिया पर अक्षय के आईफोन के साथ गुपचुप खिलाने के अनोखे स्टाइल और स्वाद की एक रील खूब वायरल हुई, जिससे रातों-रात उन्हें हजारों लोगों ने जाना। लेकिन जो लोग अक्षय को करीब से जानते हैं, उनका मानना है कि अक्षय की असली पहचान उनका बेहतरीन स्वाद और विनम्र व्यवहार है, जो उन्होंने बरसों की मेहनत से कमाया है। वह मानते हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल होने से पहले ग्राहकों के बीच विश्वसनीय होना ज्यादा जरूरी है।

1003435416 18281296973531085954253
मेहनत से अपना सपना पूरा किया

दिखावे के इस दौर में एक जरूरी सीख
आज के दौर में जहां प्रीमियम स्मार्टफोंस को एक सोशल स्टेटस सिंबल मान लिया गया है, वहां अक्षय की कहानी समाज को एक बड़ा आईना दिखाती है। अक्सर महंगे गैजेट्स की चाह में युवा अपनी आर्थिक क्षमता से बाहर जाकर कर्ज के जाल में फंस जाते हैं। दुनिया ने ऐसी विचलित करने वाली घटनाएं भी देखी हैं जहाँ फोन के लिए किसी ने अपनी किडनी बेच दी, तो हाल ही में कर्नाटक और लखनऊ में एक डिलीवरी एजेंट की हत्या जैसी दर्दनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया।

1003436339 92281293704260630189669180
आईफोन एप्पल लेते हुए अक्षय गुप्ता

अक्षय की कहानी इन नकारात्मक उदाहरणों के ठीक उलट खड़ी है। उन्होंने साबित कर दिया कि शौक हमेशा अपनी कमाई के हिसाब से पूरे होने चाहिए, न कि हैसियत से बड़ा दिखने के दिखावे में। सफलता महंगी चीजों को खरीदने में नहीं, बल्कि उन्हें सही तरीके से कमाने में है। शायद कुछ सालों बाद तकनीक बदलने से यह आईफोन पुराना हो जाएगा, लेकिन इसे खरीदने के लिए अक्षय ने जो धैर्य, अनुशासन और ईमानदारी दिखाई, उसकी कहानी हमेशा नई और प्रेरणादायक रहेगी।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: