रायगढ़। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी प्रतिभा और दमदार अभिनय से पहचान बना रहीं अभिनेत्री श्रुति सिंह ने हाल ही में अपनी आगामी फिल्म ‘मया के पाती’ को लेकर स्थानीय मीडिया से बातचीत की। धरमजयगढ़ प्रवास के दौरान उन्होंने अपने फिल्मी सफर, पारिवारिक सहयोग और भविष्य की योजनाओं को लेकर कई अहम बातें साझा कीं। श्रुति सिंह मूल रूप से रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि अभिनय के क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण अब उन्हें ज्यादातर समय रायपुर और बिलासपुर में बिताना पड़ता है। इसके बावजूद उन्होंने अपनी शिक्षा को प्राथमिकता दी और पिछले साल अपनी एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
श्रुति बचपन से ही कला और अभिनय में रुचि रखती थीं। वे डांस और नाट्य में भी सक्रिय रहीं, जिससे धीरे-धीरे उनका झुकाव अभिनय की ओर बढ़ता गया। इसी जुनून ने उन्हें छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंचाया। श्रुति ने बताया कि ‘मया के पाती’ फिल्म के लिए उन्हें निर्माता दीपक जैन का कॉल आया था। उन्होंने फिल्म में उनके किरदार बरखा के बारे में बताया और जब श्रुति ने इस किरदार को सुना तो उन्हें लगा कि यह भूमिका उनके व्यक्तित्व से मेल खाती है। इसीलिए उन्होंने बिना देर किए फिल्म साइन कर ली।
परिवार का समर्थन और चुनौतियां
अपने पारिवारिक सपोर्ट के बारे में बात करते हुए श्रुति ने बताया कि उनके परिवार में उनके पिता और पांच भाई-बहन हैं। सभी भाई-बहन उनके काम से बहुत खुश हैं और उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हैं। हालांकि, उनके पिता सिंगल पैरेंट हैं, इसलिए वे हमेशा उनकी चिंता करते हैं। इसी वजह से श्रुति ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने के बावजूद अपनी पढ़ाई पूरी की, ताकि वे हर तरह से आत्मनिर्भर बन सकें।
























You must be logged in to post a comment.