- सांगीतराई में छह सदस्यी टीम ने की थी जांच, निवासियों ने रास्ते पर बाउंड्रीवॉल बनाने की थी शिकायत
रायगढ़, 7 अगस्त। सांगीतराई में जमीनों की अफरा-तफरी करने में राजस्व विभाग की भी भूमिका है। इतनी बेशर्मी से सरकारी जमीनों को बेचने की खुली छूट दी गई, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं होती। सरकार के हाथ अपने कर्मचारी की गिरेबां तक पहुंचने से पहले ही थरथराने लगते हैं। सांगीतराई में कुछ निवासियों ने शासकीय भूमि पर बने प्रचलित रास्ते पर बाउंड्रीवॉल खड़े करने की शिकायत की थी। जांच हुई लेकिन तत्कालीन नायब तहसीलदार ने इसे दबा दिया। शहर से लगे ग्राम पंचायत सांगीतराई में कुछ भूमाफियाओं ने राजस्व अधिकारियों को भी अपने साथ मिला लिया। इसी का नतीजा है कि इतनी बार जांच व पंचनामा में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
रहवासियों ने यहां खसरा नंबर 325 शासकीय भूमि पर विनोद पटेल द्वारा अवैध कब्जा करने की लिखित शिकायत की गई। समस्त वार्डवासियों ने शिकायत की थी कि खसरा नंबर 323/1, 324/1 और 325 की भूमि पर अवैध निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा है। इस पर नायब तहसीलदार ने टीम गठित की थी। 1 मार्च 2023 को जांच की गई। पंचनामा के अनुसार 323/1 रकबा 0.930 हे. घास मद की भूमि पर दिनेश कलानोरिया, विजय राजपूत, श्यामलाल यादव, गौरी देवी, पप्पू सिंह, श्यामलाल पटेल, मुरारीलाल का अवैध कब्जा पाया गया। इसी तरह खनं 323/3 श्मशाम-कब्रिस्तान की भूमि पर अरुण गुप्ता, खनं 325 पर श्यामलाल अग्रवाल का कब्जा पाया गया। इसके अलावा खनं 326/15, 326/16, 326/17 पर और खनं 325 पर विनोद पटेल द्वारा बाउंड्रीवॉल घेरकर कब्जा किया गया था। इस वजह से मिट्ठूमुड़ा, कृष्णानगर से एनएच तक पहुंच मार्ग बंद हो गया था। इस पंचनामा के आधार पर कार्रवाई होनी थी। बेदखली तो दूर सबके खिलाफ प्रकरण तक नहीं चलाया जा सका।
सरकारी जमीनों पर कब्जे नहीं हटा पाते
राजस्व विभाग के अधिकारियों को सरकारी जमीनें बचाने में कोई रुचि नहीं है। ऐसे प्रकरणों को अवसर की तरह लपका जाता है। विधिवत सीमांकन, पंचनामा होने के बावजूद सांगीतराई में कोई कार्रवाई नहीं होना दिखाता है कि अफसर कितने लाचार हो चुके हैं। यही कारण है कि अब भी बेधडक़ तरीके से सरकारी जमीनें कब्जाई जा रही हैं।


















