छोड़कर सामग्री पर जाएँ

सिंदूर पार्क में जिला संवाद में डीएमएफ पर गरमाई सियासत

20261126 143651
  • वित्त मंत्री के स्पष्टीकरण के बाद कुंद पड़ी विपक्ष की धार

रायगढ़: सिंदूर पार्क में आयोजित जिला संवाद इस बार सिर्फ संवाद नहीं, बल्कि डीएमएफ मद को लेकर सियासी अखाड़ा बन गया। खरसिया विधायक उमेश पटेल, लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार और धर्मजयगढ़ विधायक लालजीत राठिया लगातार हमलावर रहे। तीनों का एक ही आरोप था कि डीएमएफ निधि का उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में करने की बजाय एक जगह विशेष में किया जा रहा है। डीएफएम निधि के दुरुपयोग को लेकर विपक्ष के हमले पर वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की बारी आई तो उन्होंने बहस का रुख ही बदल दिया। उन्होंने शालीनता पूर्वक मुस्कुराते हुए इस मसले में लगाए गए आरोपों का तथ्यों से जवाब दिया।

उन्होंने सीधे कागजों से आंकड़े निकालकर जनता के सामने रख दिए। डीएफएम को लेकर रायगढ़ जिले के रायगढ़ पुसौर लैलूंगा खरसिया धर्मजयगढ़ ब्लाक में कुल राशि के कितने प्रतिशत काम हुए सब कुछ आम जनता के सामने बताया।ओपी चौधरी की इसी साफगोई ने पूरे संवाद को जीत लिया। उन्होंने जिले वासियों को विश्वास दिलाते हुए कहा डीएमएफ निधि का दुरूपयोग उनके रहते नहीं किया जा सकता। यह सिर्फ बयान बाजी तक समिति नहीं है बल्कि यह बात उन्होंने आंकड़ों से साबित भी की। रायगढ़ विकासखंड में पिछले दो वर्षों में लगभग 18.5% धरमजयगढ़ में 27%, घरघोड़ा में 11%, तमनार में 13%, लैलूंगा में 29%और पुसौर में 2.5% काम स्वीकृत होने का हिसाब सुनकर विपक्ष के आरोप एक सिरे से खारिज हो गए।

सबसे बड़ी बात यह रही कि कांग्रेस के विधायक यह बताने में असमर्थ रहे कि उनके कार्यकाल में इस मद की राशि का सदुपयोग किस तरह से हुआ। भूपेश सरकार के दौरान डीएमएफ की राशि कहां और कैसे खर्च हुई, तो हमलावर विधायकों के पास कोई ठोस जवाब नहीं था। याद दिलाना जरूरी है कि भूपेश सरकार के दौरान डीएमएफ मद की बंदरबांट को लेकर भूपेश सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर रही थी। तब इस निधि से अनुपयोगी खरीदी, मनमाने भुगतान और घोटालों की चर्चा आम थी। प्रदेश की साख पर भी इससे बट्टा लगा था।

ओपी चौधरी ने कहा कि अब वह दौर बदल गया है। अब यह राशि खरीदी-बिक्री में नहीं, बल्कि स्कूल जीर्णोद्धार, स्कूल भवन, सड़क, एमएमजीएसवाई और पीएमजीएसवाई जैसे कार्यों में खर्च हो रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डीएमएफ किसी एक व्यक्ति या एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे जिले के विकास की निधि है। ओपी चौधरी के स्पष्टीकरण के बाद हमलावर विपक्ष की धार कुंद पड़ गई। जो विधायक पहले लगातार आरोप लगा रहे थे, वे आंकड़ों के सामने चुप हो गए। मंच पर मौजूद लोगों ने भी इस बात को माना कि पहले डीएमएफ का नाम आते ही घोटाले की चर्चा होती थी। आज चर्चा इस बात पर हो रही है कि राशि खर्च हो रही है और काम हो रहा है।

संवाद में मौजूद दर्शकों और जनप्रतिनिधियों ने ओपी चौधरी की इस शैली की भरपूर सराहना की। लोगों का कहना था कि नेता अक्सर आरोपों पर बयानबाजी करते हैं, लेकिन ओपी चौधरी ने आंकड़ों से बात की और हर सवाल का तथ्यों के साथ जवाब दिया। उनकी शांत मुद्रा, कागजों में दर्ज हिसाब और मुस्कुराते हुए जवाब देने के अंदाज ने विपक्ष के तीखे आरोपों को भी हल्का कर दिया। जब हिसाब जनता के सामने हो तो आरोप अपने आप कमजोर पड़ जाते हैं। ओपी चौधरी की साफगोई ने इस बार यही साबित किया कि विकास की बहस आंकड़ों से ही जीती जाती है, शोर से नहीं।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Latest News

Share: