छोड़कर सामग्री पर जाएँ

जनसुनवाई कराने से पीछे हट रही कंपनियां, कई माइंस अधर में, तमनार घटना के बाद कॉर्पोरेट कंपनियों की सोच बदली, आदिवासी हितों की अनदेखी पड़ेगी भारी

Jpl 1

रायगढ़। आदिवासी के गांव, आदिवासी की जमीन, आदिवासियों का तालाब, आदिवासियों के जंगल, सबकुछ आदिवासियों को लेकिन जमीन से कोयला निकालने लिए खदान आवंटन की जानकारी उनको सबसे आखिर में मिलती है। तमनार में जनसुनवाई के विरोध में हुई हिंसक घटना ने अब कॉर्पोरेट कंपनियों की सोच बदल दी है। मिली जानकारी के मुताबिक चार कोल ब्लॉकों की जनसुनवाई होनी थी लेकिन अब कंपनियों ने कदम पीछे खींच लिए हैं। रायगढ़ जिले में कोयला मंत्रालय ने करीब दस कोल ब्लॉक आवंटित किए हैं जिनका भूमि अधिग्रहण प्रारंभ नहीं हो सका है। एसईसीएल, अडाणी ग्रुप, जिंदल ग्रुप, वेदांता ग्रुप, नीलकंठ माइनिंग, कर्नाटका पावर आदि को आवंटित खदानों का शुरू होना अब संशय में है। तमनार में जिंदल पावर की कोल माइंस गारे पेलमा सेक्टर-1 की जनसुनवाई का विरोध हिंसक झड़प में बदल गया था। इसके बाद का घटनाक्रम पूरे देश में चर्चा में रहा।

अब तमनार क्षेत्र में प्रशासन और आम जनता के बीच एक दूरी बन चुकी है जो हर प्रोजेक्ट की राह में बाधा बनेगी। अब ग्रामीणों का विश्वास पुलिस और प्रशासन से उठ चुका है। इसक खामियाजा अब उन कंपनियों को भुगतना पड़ेगा, जिनकी कोयला खदानें आवंटित होने के बाद जनसुनवाई कराई जानी है। पहली माइंस पुरुंगा है जो धरमजयगढ़ में स्थित है। इसका आवंटन अडाणी पावर की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स को हुआ है। चार गांवों की 870 हे. भूमि प्रभावित होगी। जनसुनवाई के पहले ही ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट के सामने सडक़ पर दो दिन तक धरना दिया था। 11 नवंबर को होने वाली जनसुनवाई निरस्त होने के एक महीने में नई तारीख ली जानी थी लेकिन कंपनी ने आवेदन ही नहीं किया।

पेलमा की राह भी आसान नहीं

एसईसीएल को आवंटित पेलमा कोल ब्लॉक के लिए पहली बार आउटसोर्सिंग की गई और अडाणी इंटरप्राइजेस को एमडीओ दिया गया है। तमनार की इस ओपन कास्ट माइंस के लिए करीब 2000 हे. जमीन अधिग्रहित की जानी है। एसईसीएल को दुर्गापुर और पोरडा-चिमटापानी माइंस भी आवंटित है। पेलमा के लिए जनसुनवाई जल्दी शुरू की जानी थी लेकिन अब तमनार घटना के बाद इसे डिले कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रशासन की ओर से भी पेलमा को लंबित सूची में डालकर पोरडा-चिमटापानी में आगे बढऩे की सलाह दी गई है।

वेदांता के लिए राह आसान नहीं

खरसिया तहसील में पहली बार किसी कोयला खदान का आवंटन हुआ है। वेदांता ग्रुप को मिले कोयला खदान का शुरू से विरोध किया गया है। करीब छह गांव प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे। खरसिया शहर के नजदीक तक कोयला खनन पहुंच जाएगा। इसलिए भी विरोध हो रहा है। आदिवासी बहुल गांवों में अपनी जमीन बचाने के लिए पूरी जनता सडक़ पर उतर चुकी है। वेदांता ने भी सर्वे के बाद जनसुनवाई कराने का विचार स्थगित कर दिया है।

धरमजयगढ़ में एक भी मंजूरी नहीं

कोयले के अकूत भंडार से भरे धरमजयगढ़ ब्लॉक में कई कोयला खदानें शुरू होने की राह पर हैं। नीलकंठ माइनिंग को आवंटित शेरबंद कोल ब्लॉक और कर्नाटका पावर को आवंटित दो खदानों के लिए प्रक्रिया शुरू हो सकती है। लेकिन पुरुंगा प्रोजेक्ट का हाल देखकर कंपनियां साहस नहीं जुटा पा रही हैं। दरअसल रायगढ़ में पुनर्वास का मसला सबसे बड़ा है।

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: