खरसिया। खरसिया क्षेत्र के रामझरना खरसिया मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी। सिंघनपुर के समीप बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे कोयला लोड ट्रक ने स्कूटी सवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा राठिया को सामने से रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और पांच साल की मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। पति और बच्ची दूर जा गिरे, लेकिन उमा राठिया ट्रक के चक्कों में फंस गई।
इसके बाद महिला का शव लगभग 50 फीट तक सड़क पर घसीटा चला गया। सड़क पर बिखरा खून, टूटी स्कूटी और चीख पुकार ने पूरे इलाके को दहला दिया। मिली जानकारी के अनुसार सिंघनपुर निवासी उमा राठिया की शादी रामपुर टुंड्री में हुई थी। वह सिंघनपुर आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत थी और रोजाना ससुराल से स्कूटी पर ड्यूटी करने आती थी। शुक्रवार सुबह भी वह अपने पति और पांच साल की बेटी के साथ केंद्र जा रही थी, लेकिन रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही थी। हादसे के बाद जैसे ही खबर गांव पहुंची, लोगों का गुस्सा ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
प्रशासन और कोयला ट्रकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। लोगों का कहना था कि इस मार्ग पर रोजाना मौत बनकर दौड़ते भारी वाहन कई परिवारों की खुशियां छीन चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी। करीब 6 घंटे तक सड़क जाम रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। माहौल इतना तनावपूर्ण था कि पुलिस और प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। एसडीएम प्रवीण तिवारी, एसडीओपी प्रभात पटेल और नायब तहसीलदार काजल अग्रवाल मौके पर पहुंचे और लगातार समझाइश देते रहे।
ग्रामीण मुआवजा, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार प्रशासन को झुकना पड़ा। उचित मुआवजा और नौकरी के आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म हुआ। इधर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम पर करारा तमाचा है। सवाल यह है कि आखिर कब तक बेलगाम कोयला ट्रक सड़कों पर मौत बनकर दौड़ते रहेंगे और निर्दोष लोग यूं ही कुचले जाते रहेंगे।
कृपया वीडियो और तस्वीरों को पाठक अपने विवेक से देखें





























You must be logged in to post a comment.