रायगढ़। होली के त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रायपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय 70 से अधिक चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों को क्राइम ब्रांच में हाजिर कर सख्त चेतावनी दी गई। अब तक 470 से अधिक अपराधियों को पुलिस ने तलब कर स्पष्ट संदेश दिया है कि अगर वे हुड़दंग मचाते या किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए गए, तो उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस बार रायपुर पुलिस ने फिक्स प्वाइंट पेट्रोलिंग को सक्रिय किया है, वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
दूसरी ओर, रायगढ़ में भी होली के अवसर पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने की आशंका बनी रहती है। बढ़ते अपराधों को देखते हुए यहां भी कड़े कदम उठाने की जरूरत महसूस की जा रही है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या रायगढ़ पुलिस भी रायपुर की तर्ज पर इन हिस्ट्रीशीटरों की ‘क्लास’ लगाएगी? इस विषय पर आम जनता में चर्चा जोरों पर है और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि रायगढ़ पुलिस भी जल्द ही अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ठोस कार्रवाई करेगी।

























