रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण बस दुर्घटना हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH 49) पर स्थित चोढ़ा चौक के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सद्भावना बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई। इस हादसे में बस एजेंट की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हुए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, खरसिया से छाल की ओर जा रही सद्भावना बस सुबह करीब 10 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुँची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एक की मौत, घायलों का उपचार जारी
हादसे में बस एजेंट, मोहम्मद अनीश (45), निवासी पठानपारा, खरसिया, गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका पैर बस के नीचे दब गया था। उन्हें तुरंत खरसिया के सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नाजुक हालत के कारण रायगढ़ रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, रायगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला समेत कुल 11 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल खरसिया में भर्ती कराया गया।
घायलों के नाम:
- प्रियंका तुरी (8) निवासी धमउधारा
- अतवारा (28) निवासी भागोडीह
- गुड़िया यादव निवासी अंजोरीपाली
- रामेश्वरी (40) निवासी चोटिया
- मदन भाठ (40) निवासी मदनपुर
- ईश्वर (50) निवासी अंजोरीपाली
- प्रावशिनी उरांव (30) निवासी रायगढ़
- प्रकाश यादव (20) निवासी जैजैपुर
- ओमप्रकाश सिदार (26) निवासी पोंडी छाल
- विनोद महंत (54) निवासी कोरबा
- सलीम (28) निवासी जवाहर कॉलोनी खरसिया
उमेश पटेल पहुंचे हॉस्पिटल
हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही, खरसिया विधायक उमेश पटेल ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। वह बिना विलंब, सीधे सिविल हॉस्पिटल खरसिया पहुँचे। उन्होंने न केवल सभी घायल यात्रियों का हाल-चाल गहन सहानुभूति के साथ जाना, बल्कि अस्पताल प्रबंधन को भी तत्काल और सर्वोच्च प्राथमिकता पर उनके हर संभव बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। विधायक पटेल ने दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें संबल प्रदान किया और उन्हें हर तरह की मदद का ढाँढस बंधाया।

थाना प्रभारी राजेश जांगड़े ने बताया कि खरसिया से पत्थलगांव की ओर जा रही बस के साथ यह हादसा चोढ़ा चौक पर हुआ। पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है और घायलों तथा मृतक की जानकारी जुटाने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल, हादसे के बाद क्षेत्र में गहन शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
घटनास्थल की video और तस्वीरें देखे






























You must be logged in to post a comment.