रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। घरेलू विवाद के चलते एक देवर ने अपनी भाभी की बीच सड़क पर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात रिंग रोड नंबर-3 स्थित एसबीआई बैंक के पास हुई। मृतका की पहचान 35 वर्षीय संगीता बंजारे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, संगीता का देवर कामेश्वर बंजारे अपनी पत्नी से झगड़ा कर रहा था। इसी दौरान संगीता ने बीच-बचाव की कोशिश की और देवरानी का पक्ष लेते हुए झगड़ा शांत करने की बात कही।
इससे गुस्साए देवर ने पहले संगीता से गाली-गलौज की और फिर किचन से चाकू लेकर उस पर हमला कर दिया। हमले से घायल संगीता जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी। आरोपी ने उसका पीछा किया और करीब 200 मीटर तक सड़क पर दौड़ाया। अंत में पेट्रोल पंप के पास जब संगीता गिर गई, तो कामेश्वर ने उसके गले पर चाकू से वार कर दिया। मौके पर ही संगीता गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी संगीता के बेटे ने अपने पिता देवेंद्र दास बंजारे को दी, जो ऑटो चालक हैं। देवेंद्र तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल पत्नी को लेकर मोवा के निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने संगीता को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन कुछ ही घंटों में पुलिस ने उसे खरोरा से गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
विधानसभा थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत ने बताया कि आरोपी कामेश्वर पूर्व में भी पारिवारिक विवादों में शामिल रहा है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।



























You must be logged in to post a comment.