- नगरीय प्रशासन विभाग ने तीन दिनों में मांगा जवाब
- निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अभिमत सहित संचालनालय को भेजने के निर्देश
रायपुर, 16 नवंबर 2026। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राजधानी रायपुर में गंदगी को लेकर कार्रवाई करते हुए नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शहर के कई स्थानों पर गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए रायपुर नगर निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अभिमत सहित संचालनालय को भेजने को कहा गया है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जाते रहे हैं, किन्तु वरिष्ठालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए कार्यप्रणाली में आशातीत सुधार नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप आए दिन समाचार पत्रों में जगह-जगह गंदगी फैले होने संबंधी समाचार प्रकाशित होते हैं, जो नगर निगम एवं शासन की छवि धूमिल करने के साथ-साथ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न उपस्थित करते हैं। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया दोनों अधिकारी जिम्मेदार प्रतीत होते हैं।
विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 एवं छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के अंतर्गत दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर रायपुर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं होने पर यह माना जाएगा कि उन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। इस स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।


























You must be logged in to post a comment.