रायपुर, 25 मार्च 2025: राजधानी रायपुर में एक मामूली मोलभाव ने खौफनाक मंजर ले लिया। खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाटा बंजारी मंदिर के पास बाजार में एक दुकानदार और ग्राहक के बीच कद्दू की कीमत को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना भयानक बन गया कि ग्राहक को अपनी जान गंवानी पड़ी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को 50 वर्षीय एक ग्राहक नारायण सिंह सब्जी खरीदने बाजार पहुंचा। उसने दुकानदार रेशम ढीमर उर्फ गोलू (28) से कद्दू का रेट पूछा और मोलभाव शुरू किया। बात छोटी थी, लेकिन देखते ही देखते यह तकरार गुस्से में बदल गई। गुस्से में आगबबूला हुए रेशम ने ग्राहक को सिर के बल पटक दिया। खून से लथपथ ग्राहक जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
जानिए कैसे हुआ मर्डर
दरअसल, यह घटना 22 मार्च के शाम 6 की है। नारायण सिंह सब्जी लेने के लिए रावाभाटा बंजारी मंदिर के पास गोलू ढीमर के पास पहुंचे। इस दौरान नारायण ने कद्दू उठाकर रेट पूछा, फिर वह मोलभाव करने लगा। इस दौरान दुकानदार गोलू रेट कम नहीं करने और ग्राहक की बातों से गुस्सा हो गया। नारायण सिंह से विवाद करने लगा। गोलू ने ग्राहक को जमकर गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर कहा कि तुझे जान से मार दूंगा। विवाद बढ़ने के बाद गोलू ने गुस्से में आकर नारायण को मुक्के से मारना शुरू कर दिया, फिर आरोपी गोली ने नारायण को उठाकर सिर के बल जमीन पर पटक दिया। वारदात के बाद आसपास लोगों ने फौरन पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान नारायण की मौत हो गई।
यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। लोग हैरान हैं कि सब्जी के दाम पर इतना बड़ा खून-खराबा कैसे हो सकता है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार रेशम ढीमर को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। इस घटना ने बाजारों में मोलभाव की आम बात को एक डरावने सवाल में बदल दिया है – क्या अब सौदा करना जानलेवा हो सकता है?




























You must be logged in to post a comment.