रायगढ़, 11 अगस्त। सडक़ों से ठेलों, झोंपडिय़ों को हटाकर सरकारी जमीन मुक्त कराने वाले अफसर रसूखदारों के सामने बौने नजर आते हैं। सामान्य रिक्त आबादी भूमि पर अतिक्रमण तो सामान्य सी बात है लेकिन कई लोगों ने तो श्मशान, कब्रिस्तान की भूमि पर भी कब्जा कर लिया है। सांगीतराई में पूर्व मंत्री के बेटे का अतिक्रमण सामने आया लेकिन हटा नहीं। सांगीतराई की सरकारी जमीन कब्जाने के पीछे कई कहानियां निकल रही हैं। किसने किसको जमीन बेची, किसने कब्जा कराया, सबकुछ एक-एक कर खुल रहा है।
मार्च 2023 में सांगीतराई में अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम ने सीमांकन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। आरआई और पटवारी की टीम ने यहां नापजोख की तो पता चला कि श्मशान और कब्रिस्तान के लिए आवंटित जमीन पर भी कब्जा किया गया है। कब्जा करने वाला और कोई नहीं बल्कि पूर्व मंत्री केके गुप्ता के पुत्र अरुण गुप्ता हैं। श्मशान की भूमि खसरा नंबर 323/3 के 0.100 हे. रकबा और घास मद भूमि
खनं 323/1 रकबा 0.325 हे. पर अरुण गुप्ता का कब्जा प्रमाणित हुआ था। मार्च 2023 में जांच हुई थी। डेढ़ साल बीत चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई तो दूर नोटिस तक नहीं दिया गया है। बताया जा रहा है कि यहां सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने के बजाय उसको कमाई का जरिया बना लिया गया। स्टाम्प पेपर पर लिखकर सरकारी जमीन बेचने वालों पर एफआईआर भी नहीं की गई।

























