- खस्ताहाल छाल रोड को लेकर ट्रेलर मालिकों ने खोला मोर्चा
रायगढ़। खस्ताहाल सड़क के खिलाफ छाल खदान में जिला ट्रेलर मालिक कल्याण संघ ने मोर्चा खोल दिया है। खदान में लोड करने वाली गाडिय़ों के चलते अत्यंत जर्जर मेन रोड धरमजयगढ़ खरसिया स्टेट हाइवे के खेदापाली से लेकर छाल घरघोड़ा चौक तक जाम लगता था। ऐसे में एम्बुलेंस एवं अन्य नागरिकों के जाम में फंसने से हुई दिक्कतों को देखते हुए आज छाल इकाई ने विरोध स्वरुप सभी ट्रकों को खड़ी करते हुए ऐलान किया कि जब तक रोड नहीं बनेंगे तब तक गाडिय़ों का संचालन नहीं किया जाएगा।
इसकी खबर क्षेत्र में आग की तरह फैलते ही मौके पर एसईसीएल के जीएम रायगढ़ क्षेत्र, छाल उपक्षेत्रीय प्रबंधक के एरिया सेल्स ऑफिसर, रायगढ़ एरिया एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में ट्रक यूनियन के साथ चर्चा हुई। वार्ता में यूनियन के मेम्बर्स ने एक ही शब्द का प्रयोग किया कि रोड बनाओ तभी हम गाडिय़ों का संचालन करेंगे। प्रबंधन ने काफी समझाने की कोशिशें भी की, लेकिन बरसात में बदहाल सडक़ की सूरत नहीं चमकने तक बात नहीं बनी।
जिला ट्रेलर मालिक कल्याण संघ के अध्यक्ष डोलनारायण पटेल का कहना है कि जब तक रोड नहीं बनाया जाएगा, तब तक हम अपनी गाडिय़ों का संचालन नहीं करेंगे और ना किसी को भी वाहन संचालित करने देंगे। इसी तरह जिला ट्रेलर मालिक कल्याण संघ के मीडिया प्रभारी आकाश अग्रवाल कहते हैं कि रास्ते खराब होने की वजह से हमारी गाडिय़ों में क्षति हो रही है तो खदान रोड खराब होने से स्टेट हाईवे भी जाम होने लगी है। इससे आम राहगीरों एवं एम्बुलेंस में आने जाने वाले मरीजों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जो सही नहीं है।



























You must be logged in to post a comment.