छोड़कर सामग्री पर जाएँ

रायपुर कोर्ट परिसर में महिला जज ने कर्मचारी को मारा थप्पड़, कर्मचारियों में आक्रोश, काम बंद कर किया प्रदर्शन

IMG 20240905 WA0023

रायपुर: राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर में एक अप्रत्याशित घटना ने माहौल गरमा दिया है। कोर्ट की एक महिला जज ने चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के साथ विवाद के दौरान उसे थप्पड़ मार दिया, जिससे न्यायिक कर्मचारियों में भारी रोष फैल गया है। इस घटना के विरोध में कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर दिया और कोर्ट परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के बाद, जब मामला तूल पकड़ने लगा, तो महिला जज ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश के समक्ष आकर कर्मचारी से माफी मांग ली। हालांकि, कर्मचारी संघ ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है।

संघ के अध्यक्ष युधेश्वर सिंह ठाकुर ने घटना की निंदा करते हुए जिला न्यायाधीश को ज्ञापन सौंपा और स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाएं न्यायिक प्रणाली की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं और इन्हें सहन नहीं किया जाएगा। जिला न्यायालय के कर्मचारियों ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और महिला जज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ के जिला अध्यक्ष परेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद कर्मचारियों ने जिला न्यायालय के न्यायाधीश से मुलाकात की और अपनी नाराजगी जाहिर की।

हालांकि महिला जज ने माफी मांग ली है, लेकिन न्यायिक कर्मचारियों का गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं न्यायिक व्यवस्था की मर्यादा को कमजोर करती हैं, और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन जिला न्यायाधीश ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

एडिटर - वेब एवं डिजिटल

विकास पाण्डेय अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के साथ जुड़े हैं और डिजिटल विंग के संचालन एवं संपादन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। रायगढ़ और छत्तीसगढ़ के प्रमुख घटनाक्रम, जनहित के मुद्दों और स्थानीय सरोकारों पर रिपोर्टिंग करते हैं। उन्होंने RIG24 मीडिया नेटवर्क से पत्रकारिता की शुरुआत की और इसी दौरान BJMC की डिग्री हासिल की।

Share: