- 2,292 पदों के लिए अप्रैल में जारी हुआ था संक्षिप्त विज्ञापन, जुलाई में शुरू हुए थे ऑनलाइन आवेदन
- 25 फरवरी की अधिसूचना में पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी शामिल नहीं थी
- 11 सितंबर को जारी संशोधित अधिसूचना में पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी को जोड़ा गया
- विभाग के अनुसार, वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में संशोधित श्रेणी को शामिल करना विधिक और व्यावहारिक रूप से संभव नहीं
रायपुर, 9 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती वर्ष 2026 के अंतर्गत 2,292 पदों का संक्षिप्त विज्ञापन 16 अप्रैल 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया और उसी दिन ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी।
पहली अधिसूचना में पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी नहीं थी शामिल
समाज कल्याण विभाग द्वारा 25 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना में विभिन्न विभागों के पदों के लिए दिव्यांगता की चिह्नांकित श्रेणियों का उल्लेख किया गया था। इस अधिसूचना के अनुसार सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी का चिह्नांकन नहीं किया गया था। इसी आधार पर भर्ती के विस्तृत विज्ञापन में दिव्यांगता के आरक्षित पदों का निर्धारण किया गया और पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को शामिल नहीं किया गया।
11 सितंबर को जारी हुई संशोधित अधिसूचना
इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी की, जिसमें सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित (B) श्रेणी को भी शामिल किया गया।
वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में बदलाव करना संभव नहीं
संशोधित अधिसूचना जारी होने से पहले सहायक शिक्षक भर्ती का संक्षिप्त एवं विस्तृत विज्ञापन जारी किया जा चुका था और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी। ऐसी स्थिति में संशोधित अधिसूचना के आधार पर पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना विधिक एवं व्यावहारिक रूप से संभव नहीं था।
























