छोड़कर सामग्री पर जाएँ

‘विजुअल पुलिसिंग’ से शहर में सुरक्षा का मजबूत एहसास, प्रमुख बाजारों व संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल उतरी रायगढ़ पुलिस

Visual Policing
  • कोतवाली, चक्रधरनगर एवं पूंजीपथरा पुलिस की सघन फुट पेट्रोलिंग, बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ाई गई पुलिस की मौजूदगी
  • होटलों की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और वार्डों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में ‘विजुअल पुलिसिंग’ अभियान को लगातार प्रभावी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग के साथ सशस्त्र पुलिस बल की सक्रिय तैनाती कर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत कल शाम थाना कोतवाली, थाना चक्रधरनगर एवं चौकी पूंजीपथरा की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थाना कोतवाली पुलिस ने एएसआई विलफ्रेड मसीह एवं महिला प्रधान आरक्षक राजश्री के नेतृत्व में रिजर्व लाइन के पुलिस बल के साथ हटरी बाजार, मॉल, चांदनी चौक सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित होटलों की जांच की गई तथा बाहरी जिलों से आए संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कर आवश्यक पूछताछ की गई।

इसके पश्चात पुलिस टीम ने इंदिरानगर क्षेत्र के वार्डों में पैदल भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं थाना चक्रधरनगर पुलिस ने मुख्य मार्ग एवं कमला नेहरू पार्क के सामने सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन पेट्रोलिंग कर यातायात एवं कानून व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी। दूसरी ओर चौकी पूंजीपथरा पुलिस ने साप्ताहिक बाजार में मुस्तैदी के साथ अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराते हुए बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया।

रायगढ़ पुलिस का ‘विजुअल पुलिसिंग’ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य पुलिस की सक्रिय एवं दृश्यमान उपस्थिति के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, अपराधों की रोकथाम करना तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश- “पुलिस की प्रभावी एवं निरंतर मौजूदगी ही अपराधों की रोकथाम का सबसे सशक्त माध्यम है। विजुअल पुलिसिंग के जरिए आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में कानून का भय कायम रखना हमारी प्राथमिकता है।”

इस खबर को शेयर करें:

8690517c9326392a68531b5faf7668b00e00b86685972a50e34c21832c7c1c6c?s=90&d=mm&r=g

Editorial

News Room

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से 1988 से निरंतर प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' का यह Official Digital News Room है। हमारी संपादकीय टीम देश और छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरों, सीएम की गतिविधियों और शासन की जनहितैषी योजनाओं को प्रमुखता से साझा करती है। किसानों के हित में समर्पित हमारी टीम, 'जल, जंगल और जमीन' से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और विभिन्न विभागों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाली रिपोर्टिंग के साथ ही सुदूर अंचलों की ज़मीनी हकीकत को सामने लाती है। जनहित से जुड़ी गतिविधियों, खनिज और औद्योगिक क्षेत्रों की 'Exclusive' खबरों को Evidence के साथ प्रमाणिकता से प्रकाशित करना हमारी प्राथमिकता है। राजनीति, प्रशासन, अपराध, स्पोर्ट्स, रोज़गार, खेती-किसानी और धार्मिक विषयों सहित हर क्षेत्र की खबरों को पूरी शुचिता के साथ प्रस्तुत करना ही हमारा संकल्प है।

Share: