रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बार फिर रफ्तार का कहर सामने आया है। खरसिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम देहजरी के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी।
चाबी लेकर लौट रहे थे घर
पुछीयापाली गांव के रहने वाले नरेश कुमार राठिया ने बताया कि उनका बेटा ओम प्रकाश राठिया दिनांक 24 जुन 2026 दिन बुधवार को अपने दोस्त मुकेश बरेठ के साथ खरसिया गया था। दोनों लड़के अपनी नई बजाज पल्सर बाइक की चाबी लेने के लिए नटवर मोटरसाइकिल दुकान पहुंचे थे। दुकान से काम निपटाने के बाद दोनों दोस्त वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान शाम के करीब चार बजे जब वे देहजरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
लापरवाही ने ली दो जिंदगी की परीक्षा
चश्मदीदों के मुताबिक, एडू की तरफ से आ रहे ट्रेलर संख्या NL01Q3215 के चालक ने गाड़ी को बेहद तेज और लापरवाही से चलाते हुए बाइक को सामने से टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ओम प्रकाश और मुकेश बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में ओम प्रकाश के सिर और दाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं उसके दोस्त मुकेश के दाएं पैर की जांघ पर गहरी चोट लगी है। दुर्घटना के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
सड़क पर लहूलुहान पड़े दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सिविल हॉस्पिटल खरसिया ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पद्मावती अस्पताल खरसिया रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों युवकों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस पूरे मामले में घायल ओम प्रकाश के पिता नरेश कुमार की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन हादसों का कारण बन रही है।





















